बकरी को बचाने के दौरान चौडीहा के पास हुआ हादसा, दो नाबालिग बंदी भी थे वाहन में
जमुई। सिकंदरा मुख्य मार्ग पर चौडीहा के समीप मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। शेखपुरा जिले के कसार थाना की पुलिस टीम को लेकर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो वाहन अचानक सड़क पर आए जानवरों को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में कसार थाना अध्यक्ष सहित कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो नाबालिग बंदी, एक होमगार्ड जवान और दो चौकीदार भी शामिल हैं।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने की मदद
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और पलटी हुई बोलेरो से घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. धनश्याम कुमार द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।

थाना अध्यक्ष को लगी गंभीर चोट
इस हादसे में कसार थाना अध्यक्ष संतोष कुमार के हाथ में गंभीर चोट आई है। जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में होमगार्ड जवान रवि कुमार, चौकीदार श्रवण पासवान, अलखनिरंजन तथा दो नाबालिग बंदी शामिल हैं।
चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
पूछताछ के बाद नाबालिगों को छोड़ने जा रही थी पुलिस टीम
जानकारी के अनुसार हत्या के एक मामले में दो नाबालिग आरोपियों को पहले निरुद्ध कर जमुई के पर्यवेक्षण गृह भेजा गया था। कोर्ट के आदेश पर कसार थाना पुलिस ने दोनों नाबालिगों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी।
पूछताछ पूरी होने के बाद कसार थाना अध्यक्ष स्वयं पुलिस वाहन से दोनों नाबालिगों को वापस पर्यवेक्षण गृह, जमुई छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान चौडीहा के पास यह दुर्घटना हो गई।
सड़क पर अचानक आए दो जानवर, अनियंत्रित होकर पलटी बोलेरो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौडीहा के समीप सड़क पर अचानक दो जानवर आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन का संतुलन खो दिया, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
गनीमत रही कि वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकराकर रुक गया। यदि वाहन आगे बढ़ता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
जेसीबी की मदद से हटाया गया दुर्घटनाग्रस्त वाहन
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बाद में जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क पर पलटी पुलिस बोलेरो को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
थाना अध्यक्ष ने बताई हादसे की वजह
कसार थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि चौडीहा के पास सड़क पर अचानक दो जानवर आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में दो नाबालिग आरोपी भी मौजूद थे, जिन्हें पूछताछ के बाद पर्यवेक्षण गृह ले जाया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं और सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य है।
आसान! UIDAI ने 30+ नए Documents को दी मंजूरी, क्लिक करे और देखें पूरी लिस्ट..
Edited and Written by : Chandan Patel.
