जमुई (बिहार): सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी एक्साइज चेक पोस्ट पर वाहन जांच के नाम पर अवैध वसूली करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में उत्पाद विभाग के तीन होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि इन जवानों ने QR कोड स्कैन कराकर लोगों से जबरन पैसे वसूले।

क्या है पूरा मामला?

घटना 21 अप्रैल की रात की है, जब गिरिडीह जिले के शास्त्री नगर निवासी श्याम सुंदर यादव अपने चार साथियों के साथ स्कॉर्पियो से तिलक समारोह में शामिल होने महादेव सिमरिया जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी डुमरी चेक पोस्ट पहुंची, वहां तैनात तीनों होमगार्ड जवानों ने वाहन को रोक लिया और जांच के नाम पर सभी को नीचे उतार लिया।

QR कोड से वसूले गए 9500 रुपए

आरोप है कि जवानों ने यात्रियों को डराया-धमकाया और जेल भेजने की धमकी देकर 20 हजार रुपए की मांग की। काफी बातचीत के बाद मामला 9500 रुपए में “सेटल” हुआ।
इसके बाद आरोपी जवान सूर्यमणि कुमार ने अपने मोबाइल पर QR कोड दिखाकर पीड़ित के साथी से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

CCTV फुटेज से खुली पोल

पीड़ित की शिकायत के बाद जब मामले की जांच शुरू हुई, तो चेक पोस्ट पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
फुटेज में साफ देखा गया कि जवान गाड़ी रोककर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे। यही सबूत उनके खिलाफ सबसे बड़ा आधार बना।

पूछताछ में कबूल किया जुर्म

कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी सूर्यमणि कुमार ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वसूली की रकम अपने दोस्त आदर्श प्रकाश के UPI ID पर मंगवाई गई थी।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

किन-किन जवानों की हुई गिरफ्तारी?

गिरफ्तार होमगार्ड जवानों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • सूर्यमणि कुमार
  • आशीष कुमार सिंह
  • नवीन कुमार सिंह

तीनों पर अवैध वसूली और पद का दुरुपयोग करने का आरोप है।

QR
वाहन जांच के नाम पर लोगों से जबरन पैसे वसूल रहे तीन होमगार्ड जवान गिरफ्तार।

पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय स्तर पर भी जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गई है और अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Report By:  Vikki Kumar

Edited and Written by : Chandan Patel

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *