पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की सप्लाई को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ी राहत भरी जानकारी दी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि देश में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और आम लोगों को किसी तरह की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

रोज 55 लाख बैरल तेल खपत के बावजूद सप्लाई सामान्य

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत में कच्चे तेल की उपलब्धता फिलहाल पूरी तरह आरामदायक स्थिति में है। उन्होंने कहा कि देश में रोजाना करीब 55 लाख बैरल कच्चे तेल की खपत होती है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर देश है, इसलिए पेट्रोल और डीजल जैसे पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर सरकार पूरी तरह आश्वस्त है। देशभर में करीब एक लाख पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं और मंत्रालय के मुताबिक किसी भी पंप पर तेल खत्म होने यानी ड्राई आउट की स्थिति की कोई सूचना नहीं है।

LPG उत्पादन बढ़ाने के दिए गए निर्देश

एलपीजी की उपलब्धता को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं। 9 मार्च को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत आदेश जारी कर सभी रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे।

भारत
LPG गैस सिलेंडर लेन के लिए जनता लगी लाइन में

इसके बाद घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़कर करीब 28 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जो पहले लगभग 25 प्रतिशत था। सरकार का कहना है कि इससे घरेलू गैस की सप्लाई और बेहतर होगी।

भारत 60% LPG करता है आयात

सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत अपनी एलपीजी जरूरत का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है। इसमें से करीब 90 प्रतिशत सप्लाई होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आती है।
मौजूदा वैश्विक हालात को देखते हुए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि देश में गैस की सप्लाई पर कोई असर न पड़े।

देश में रोजाना 50 लाख LPG सिलेंडर की डिलीवरी

मंत्रालय के मुताबिक देश में रोजाना करीब 50 लाख एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है। हालांकि हाल के दिनों में लोगों के बीच घबराहट के कारण सिलेंडर बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त गैस सिलेंडर बुक न करें, क्योंकि फिलहाल सप्लाई में किसी तरह की कमी नहीं है।

राज्य सरकारों को दिए गए अहम निर्देश

केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को भी निर्देश दिया है कि जरूरतमंद उपभोक्ताओं की सूची तैयार करें, ताकि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जा सके।

भारत में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में

कुल मिलाकर सरकार का कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *