देश की राजनीति एक बार फिर उस मोड़ पर खड़ी दिख रही है, जहां शब्दों की जगह अब खुली धमकियों ने ले ली है। करणी सेना के एक कथित कार्यकर्ता ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने गंभीर आरोप लगाए और सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया।

पवन खेड़ा ने लिखा कि पूरा RSS-भाजपा तंत्र एक ‘गोडसे फैक्ट्री’ है। तथाकथित करणी सेना द्वारा राहुल गांधी और ’25 सांसदों’ के खिलाफ दी गई धमकी कोई अलग-थलग पड़ी घटना नहीं है। यह एक सुनियोजित और कपटपूर्ण साजिश का हिस्सा है।

उन्होंने X पर लिखा– कट्टरपंथ ऐसे ही काम करता है। वे पहले एक झूठ बनाते हैं, पॉलिटिकल अथॉरिटी उसे आगे बढ़ाती हैं और तब तक फैलाती हैं जब तक उनके फॉलोअर्स के मन में नफरत और हिंसा नहीं भर जाती। तब भी गोडसे बनाया गया था। आज फिर एक और गोडसे को तैयार किया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद कोटा पुलिस ने आरोपी राज आमेरा को पकड़ लिया है। उसने कहा- मुझे वीडियो की जानकारी नहीं है। विपक्ष ने फेक आईडी बनाकर वीडियो बनाया है। मैं सनातन से जुड़ा हुआ हूं। देश को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता हूं।

देश
राहुल गांधी को धमकी देने वाला राज सिंह आमेरा कोटा से गिरफ्तार

क्या है वायरल वीडियो में

वीडियो में खुद को करणी सेना का बताते हुए शख्स ने संसद में ओम बिरला के चैंबर में हुई घटना का जिक्र किया। शख्स की पहचान राज आमेरा के रूप में हुई है। वह कोटा के उद्योग नगर का है। करणी सेना का संभागीय प्रवक्ता है। करीब 3 दिन पहले ही प्रवक्ता बनाया गया है।

राज आमेरा ने कहा कि ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष के 25 सांसदों ने जो बदतमीजी की है। वह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सब के पीछे राहुल गांधी जिम्मेदार हैं।

मैं चेतावनी देता हूं अगर दोबारा ऐसी घटना हुई तो उन 25 सांसदो के घर में तोड़फोड़ करेंगे और राहुल गांधी सुन लें उनके घर में घुसकर गोली मारेंगे। इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा। मेरी मांग है कि उन 25 सांसदों पर कार्रवाई हो।

मोदी सरकार में मंत्री किरेन रिजिजू को जो बयान सामने आया, उसे सुनने के बाद हम लोग काफी गुस्से में हैं। मेरी इस धमकी के बाद अगर मुझे जेल हो जाए तो मुझे कोई दिक्कत नहीं है।

खेड़ा बोले- रिजिजु ने देश को गुमराह किया

पवन खेड़ा ने धमकी वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि पहले किरेन रिजिजु ने झूठ बोला। उन्होंने देश को गुमराह किया कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में ओम बिरला का अपमान किया। फिर भाजपा सांसदों ने यह दोहराना शुरू किया कि राहुल गांधी ‘भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा’ हैं। यह विपक्ष को बदनाम करने और विशेषकर राहुल जी के खिलाफ हिंसा को वैध ठहराने का एक सुनियोजित अभियान है।

अब जानिए ओम बिरला को लेकर हुए विवाद को

11 फरवरी को बीजेपी ने दावा किया था कि कांग्रेस के 20-25 सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला के चैंबर्स में घुसकर उनसे बदसलूकी की। प्रियंका गांधी, वेणुगोपाल वहां मौजूद थे लेकिन उन्होंने सांसदों को रोकने की बजाय, बदतमीजी के लिए उकसाया। बाद में विपक्ष ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश कर दिया। इसमें 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं।

सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ओम बिरला अब लोकसभा नहीं जाएंगे। अविश्वास प्रस्ताव के गिरने के बाद ही वे स्पीकर की चेयर संभालेंगे। विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर सदन में 9 मार्च को चर्चा हो सकती है। 13 फरवरी को बजट सत्र के वर्तमान सेशन का आखिरी दिन था। इसके बाद 8 मार्च से सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होगी।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *