भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव को देखते हुए आज यानी 28 जनवरी को उत्तर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे, बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु समेत कुल 13 राज्यों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश-बर्फबारी, तेज हवाओं का कहर
उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। पहाड़ी इलाकों में ठंड और फिसलन बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
दिल्ली में जनवरी की सबसे ज्यादा बारिश, तापमान गिरा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जनवरी महीने की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
यूपी-एनसीआर में ओलावृष्टि की आशंका
IMD ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी चेतावनी दी है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में ठंड का असर, अलवर में पारा 4.5 डिग्री
राजस्थान के अलवर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे शीतलहर से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
अगले दो दिनों में और गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
कश्मीर में भारी बर्फबारी से जनजीवन ठप कश्मीर घाटी में मंगलवार को हुई भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर रनवे पर बर्फ जमा होने से सभी 58 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) काजीगुंड और बनिहाल के बीच बर्फ जमने के कारण बंद कर दिया गया।

हिमस्खलन का खतरा, 11 जिलों में अलर्ट
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गांदरबल, अनंतनाग, कुपवाड़ा समेत 11 जिलों में हिमस्खलन (Avalanche) की चेतावनी जारी की है। लोगों को पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
BRO और सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन, 60 लोग सुरक्षित
डोडा और राजौरी जिलों में फंसे 60 लोगों को सेना और सीमा सड़क संगठन (BRO) ने सुरक्षित बाहर निकाला। BRO ने ‘प्रोजेक्ट संपर्क’ के तहत 10,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित चटरगला पास से 40 सैनिकों और 20 नागरिकों का सफल रेस्क्यू किया।
ज़ीरो विजिबिलिटी में बहाल की गई रणनीतिक सड़कें
BRO की टीमों ने जीरो विजिबिलिटी और भीषण ठंड के बीच 35 से 38 किलोमीटर लंबी सड़कों से 5 से 6 फीट तक जमी बर्फ हटाकर सैन्य और नागरिक आवाजाही को दोबारा शुरू किया। राजौरी के कांडी-कोटरांका इलाके में भी रणनीतिक सड़कों को अब साफ कर दिया गया है।
