पीएम नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। ग्रेटर नोएडा में हो रहे इस ट्रेड शो में प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक मंच मिलेगा। इसमें प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार क्षमताओं का भव्य प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचकर 29 सितंबर तक चलने वाले ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा की।

उद्घाटन समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी

उद्यमियों को संबोधन के बाद एक जिला-एक उत्पाद योजना के पवेलियन में कारीगरों से मुलाकात कर सकते हैं। करीब 10 लाख लोगों और 500 से अधिक विदेशी खरीदाराें के ट्रेड शो में शामिल होने का अनुमान है। ट्रेड शो का कंट्री पार्टनर रूस है, लिहाजा 30 रूसी कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल भी इसमें शामिल होेगा। 2,500 उद्यमी अपने उत्पाद और सेवाएं ट्रेड शो में प्रदर्शित करेंगे। शुक्रवार से औद्योगिक सत्र होंगे, जिसमें कंपनियां अपनी सेवाओं के अनुभव साझा करेंगीं।

पीएम
फाइल फोटो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

ट्रेड शो में दिखेगी वन ट्रिलियन इकोनॉमी वाले उत्तर प्रदेश की झलक

यूपी के वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की झलक बृहस्पतिवार से ग्रेेटर नोएडा एक्सपो सेंटर में दिखेगी। पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद आयोजन 29 सितंबर तक जारी रहेगा। आयोजन को भव्य और निवेशकों के लिए सुगम बनाने के लिए खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिन पहले ही बुधवार को ग्रेटर नोएडा पहुंच गए। शाम को उद्घाटन कार्यक्रम, प्रदर्शनी के अलावा दूसरी तैयारियां उन्होंने देखीं। मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर कारोबारियों और उद्यमियों से भी रूबरू हुए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विदेशी खरीदार और उद्यमियों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं अन्य विजिटर्स खासतौर पर बुजुर्ग व महिलाओं के लिए शटल सेवा की व्यवस्था भी की गई है। जिले के प्रमुख सार्वजनिक जगहों से भी शटल बस सेवा की सुविधा एक्सपो सेंटर के लिए रहेगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के अलावा स्टॉल पर हुई तैयारियों को भी उन्होंने देखा। इस दौरान औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री ब्रजेश सिंह भी मौजूद रहे।

आप ऐसे पहुंच सकते हैं एक्सपो मार्ट

नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड सेंटर मार्ट में जाने के लिए एक्वा मेट्रो सबसे अच्छा विकल्प होगा। एक्सपो मार्ट से चंद कदम की दूरी पर नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन हैं। यहां से पैदल एक्सपो सेंटर पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा नोएडा के बॉटेनिकल गार्डन से निशुल्क बस सेवा होगी। वहीं नोएडा ग्रेनो एक्सप्रेसवे से होते हुए एक्सपो सेंटर पहुंच सकेंगे।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *