जमुई जिले के झाझा थाना (पुलिस थाना) क्षेत्र के बाबूबांक मोहल्ले में रविवार देर शाम एक 29 वर्षीय महिला ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बाबूबांक निवासी विजय कुमार चौधरी की पत्नी जूही कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, एसआई दीपक कुमार, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दूध की दुकान चलाते हैं पति
बताया जा रहा है कि मृतका के पति विजय कुमार चौधरी झाझा दुर्गा मंदिर के पास दूध की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर लौटे, तो उन्होंने अपनी पत्नी को कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया। आनन-फानन में उन्होंने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घरेलू विवाद की बात सामने आई
परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच मामूली बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। पति विजय ने बताया कि छह वर्ष पूर्व दोनों की शादी हुई थी और तभी से घरेलू तनाव बना हुआ था। जूही कुमारी अपने पीछे दो छोटे-छोटे बेटों को छोड़ गई हैं।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि जांच में किसी तरह की कमी न रह जाए।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि महिला द्वारा आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी चल रही थी।
