जमुई | संवाददाता | जिले के कुंदर बराज स्थित प्रतापपुर इलाके से बरामद सिर कटी महिला के शव मामले में अब तक पहचान नहीं हो पाई है। इस गंभीर और सनसनीखेज घटना के बाद जमुई पुलिस ने पहचान के लिए शहर भर में पोस्टर चिपकाने का अभियान शुरू किया है।
चौक-चौराहों से लेकर रेलवे स्टेशन तक लगाए गए पोस्टर
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर टाउन थाना पुलिस ने बुधवार शाम 4 बजे तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, टेंपू स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों के जरिए आम लोगों से महिला की पहचान कराने में सहयोग मांगा गया है।

अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
इस मामले में टाउन थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का मानना है कि शव की पहचान होने से जांच को दिशा मिल सकेगी और आरोपियों तक पहुंचना आसान होगा।
स्थानीय होने की संभावना कम
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि मृतका महिला स्थानीय नहीं हो सकती है। यही वजह है कि जमुई के अलावा आसपास के जिलों के थानों को भी सूचना भेजी गई है, ताकि पहचान जल्द हो सके।
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया भागलपुर
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल से भागलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि इस दौरान पहचान हो सके।
पुलिस कर रही चारों ओर छानबीन
टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि आम लोगों के सहयोग से जल्द ही मृतका की पहचान हो जाएगी।
पुलिस ने जनता से की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को पोस्टर में दिखाई गई महिला के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस प्रशासन को सूचित करें।
यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद कर रहे हैं।
