Bihar CM Oath Live Updates: बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब राज्य की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में आ गई है। यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक युग के अंत और नए दौर की शुरुआत भी मानी जा रही है।भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है. सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे. इस समारोह में एनडीए के कई दिग्गज नेता गवाह बनेंगे.

सम्राट चौधरी बुधवार को सुबह 10:50 बजे पटना के लोकभवन में बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे. बिहार के राजनीतिक इतिहास में ये पहली है, जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेगा. सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ लेंगे. आज केवल इन तीन नेताओं का ही शपथ ग्रहण होगा, जबकि नई एनडीए सरकार के गठन के बाद भी कैबिनेट में अभी 33 मंत्री पद खाली रह जाएंगे. इस भव्य शपथग्रहण समारोह में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे.

नई सरकार के शपथग्रहण समारोह से जुड़ी जानकारी के लिए इस AVN NEWS पेज पर बने रहें…

सम्राट चौधरी राजवंशी नगर मंदिर में करेंगे पूजा अर्चना

सम्राट चौधरी अपने निजी आवास से निकले. पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास से सम्राट निकले तो उनके सपोर्ट में जोरदार नारेबाजी हुई. सम्राट चौधरी अब राजवंशी नगर मंदिर जाएंगे. शपथ से पहले वहां पूजा-अर्चना करेंगे.

नितिन नवीन के आवास पहुंचे जेपी नड्डा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पहुंच गए हैं, बताया जा रहा है कि वह यहां से पटना के लोकभवन में होने वाले नई सरकार के शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे.

राजधानी पटना में JDU कार्यालय के बाहर लगा नया पोस्टर

बिहार में नई सरकार के शपथग्रहण से पहले पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर नया पोस्टर लगाया गया है. इस नए पोस्टर में नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ-साथ नया स्लोगन- ‘दो दशक बिहार के नवनिर्माण के’ भी लिखा गया है.

बिहार बीजेपी कार्यालय पर तैयारियां शुरू, थोड़ी देर में लेंगे शपथ लेंगे सम्राट चौधरी

बीजेपी नेता सम्राट चौधरी थोड़ी देर में लोकभवन में बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथग्रहण करेंगे, जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. इसके साथ ही बिहार बीजेपी कार्यालय पर भी तैयारियां जोरों पर हैं.

नीतीश की विकास दिशा को आगे बढ़ाएंगे सम्राट चौधरी: संजय सरावगी

अब से कुछ देर में सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथग्रहण करने वाले हैं. इस मौके पर बोलते हुए बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 साल के कार्यकाल के बाद आज सम्राट चौधरी नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे और विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे. नीतीश कुमार द्वारा निर्धारित विकास की दिशा को सम्राट चौधरी के नेतृत्व में और आगे बढ़ाया जाएगा.

नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी सरकार, बोले रामकृपाल यादव

बिहार के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे पर बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, ‘नीतीश कुमार ने कल पद से इस्तीफा दे दिया. पूरा बिहार दुखी है. उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सबके लिए काम किया…’

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, ‘विपक्ष के नेता बहुत परेशान होंगे और ये स्वाभाविक है, क्योंकि उन्हें आने वाले दिनों में अपना कोई भविष्य नजर नहीं आ रहा है. आज सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे… सरकार उनके (नीतीश कुमार के) मार्गदर्शन में काम करती रहेगी. अपने सपनों को साकार करने के लिए सम्राट चौधरी अपनी टीम के साथ काम करेंगे…’

बिहार की जनता के साथ हुआ धोखा, नई सरकार के शपथग्रहण समारोह पर बोले कांग्रेस नेता

BJP के सम्राट चौधरी के आज बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा, ‘…हमें नीतीश कुमार से उम्मीद थी कि वो अगले पांच साल तक बिहार के मुख्यमंत्री बने रहेंगे, क्योंकि उन्होंने और एनडीए ने यही वादा किया था. इससे बिहार की स्थिति पर असर पड़ेगा… चुनाव उनके नाम पर लड़े गए, उन्हें मुख्यमंत्री बनाया गया और अचानक सम्राट चौधरी आ गए. हमें लगता है कि बिहार की जनता के साथ धोखा हुआ है.’

बिहार के सबसे लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश

बिहार के सबसे लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के अंतिम दिन की शुरुआत डॉ. बी. आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की, जिसके बाद उन्होंने विदाई कैबिनेट बैठक में भाग लिया. बाद में उन्होंने लोक भवन में राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया और कहा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा. बता दें कि नीतीश कुमार ने 2005 से अब तक रिकॉर्ड 10 बार मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है.

सम्राट
फाइल फोटो: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

सम्राट चौधरी का सियासी सफर

सम्राट चौधरी को मंगलवार को बीजेपी के साथ-साथ एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और आज वह राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथग्रहण करेंगे. उनके साथ जेडीयू कोटे से दो विधायक विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी शपथग्रहण करेंगे, जिन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है. सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की और 1999 में राबड़ी देवी की सरकार में मंत्री बने, लेकिन अपनी उम्र को लेकर विवादों में आ गए. बताया जाता है कि लालू यादव ने एक युवा और अन्य पिछड़ा वर्ग के चेहरे के तौर पर मौका दिया था. 2000 और 2010 में वे परबत्ता विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी टिकट पर विधायक चुने गए. 2010 में आरजेडी ने सम्राट चौधरी को बिहार विधानसभा में विपक्ष का मुख्य सचेतक बनाया, जहां से सम्राट विधायी कार्यप्रणाली को समझने वाले नेता के तौर पर उभर कर सामने आए थे. ये वो दौर था, जब बिहार में आरजेडी की बुरी हार हुई थी. विधानसभा में आरजेडी विधायकों की कम संख्या होने के बावजूद वह विपक्षी नेता के तौर पर मुखर रहे.

2014 में उन्होंने आरजेडी छोड़कर जेडीयू का दामन थामा. इसी साल हुए लोकसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने जब जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनवाया तो वो जेडीयू की सरकार में नगर विकास मंत्री बने. सम्राट चौधरी ने यहीं से एनडीए की पॉलिटिक्स में एंट्री मारी. हालांकि, जब मांझी ने नीतीश कुमार से बगावत की तो सम्राट जीतन राम मांझी के साथ खड़े नजर आए.

इसके सम्राट 2017 में बीजेपी में शामिल हो गए. ये वो दौर था, जब नीतीश महागठबंधन का साथ छोड़कर बीजेपी के साथ आ गए थे. बीजेपी में शामिल होने के बाद सम्राट चौधरी ने संगठन को समझना और बीजेपी की कार्यशैली को अपनाना शुरू किया. 2020 में बीजेपी ने सम्राट चौधरी में पॉलिटिकल इनवेस्टमेंट शुरू किया. सम्राट चौधरी को विधान परिषद भेजा, क्योंकि बीजेपी नेतृत्व उन्हें पिछड़ा वर्ग से आने वाले कुशवाहा नेता के तौर पर स्थापित करना चाहता था.

2021 में सम्राट बीजेपी कोटे से नीतीश सरकार में पंचायती राज मंत्री बने. मंत्री के तौर पर निडर छवि बनाई और बिहार विधानसभा अध्यक्ष रहे, विजय कुमार सिन्हा से सदन में तीखा विवाद हुआ तो सुर्खियों में आ गए. इसके बाद 2022 में, जब नीतीश कुमार बीजेपी का साथ छोड़कर वापस आरजेडी के साथ चले गए तो बीजेपी ने उन्हें विधान परिषद में विरोधी दल का नेता और प्रदेश अध्यक्ष बनाया. महागठबंधन के साथ खड़े नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटाने का मुरैठा वाला संकल्प लिया.

2024 में जब बीजेपी नेतृत्व ने नीतीश कुमार के साथ आने फैसला किया तो पार्टी के एक अनुशासित नेता के तौर पर इसे स्वीकार किया. इसका नतीजा ये हुआ कि नीतीश कुमार की सरकार में बीजेपी के डिप्टी सीएम बनें. उन्हें वित्त विभाग की जिम्मेदारी मिली. लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत के लिए कड़ी मेहनत की. 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के बाद बीजेपी ने सम्राट चौधरी पर एक बार फिर से भरोसा जताया, उन्हें सरकार के अंदर डिप्टी सीएम बनाया गया. सम्राट चौधरी कद नई एनडीए सरकार में तब और बढ़ गया, जब पहली दफा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह विभाग किसी दूसरे मंत्री को दिया, सम्राट चौधरी बिहार में बीजेपी के पहले गृह मंत्री बने. इसके साथ ही सम्राट चौधरी अब बिहार में नया इतिहास रचने जा रहे हैं. वह बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री होंगे.

 

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *