गिद्धौर (जमुई): प्रखंड क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए लाइफलाइन माने जाने वाले दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गिद्धौर की सुरक्षा व्यवस्था पर इन दिनों सवाल खड़े हो रहे हैं। अस्पताल में तैनात एक महिला होमगार्ड जवान की ड्यूटी के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे अस्पताल परिसर में तैनात महिला होमगार्ड जवान ड्यूटी के दौरान सोती हुई पाई गईं। बताया जा रहा है कि उक्त जवान, जिनका नाम संगीता कुमारी है, मरीजों के बैठने वाले बेंच पर ही आराम करती नजर आईं। इस दौरान अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नजरअंदाज होती दिखी।

सुरक्षा
ड्यूटी के दौरान महिला होमगार्ड कर्मी सोते हुए

इस घटना का वीडियो अस्पताल आए एक मरीज के परिजन ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि जवान ड्यूटी के दौरान नींद में मशगूल हैं। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां एक ओर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ रहती है, वहीं सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही किसी बड़ी घटना को न्योता दे सकती है।

स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने क्या कहा?

इस मामले पर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नरोत्तम कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि ड्यूटी के दौरान लापरवाही से जुड़ा वीडियो सामने आता है, तो इसकी जांच कर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही

अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *