Jharkhand Assembly Elections: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और झारखंड के भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी मौजूद थे। इस दौरान शाह ने कहा कि मतदाताओं को घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली झामुमो सरकार और किसी को भी अवैध रूप से सीमा पार नहीं करने देने वाली भाजपा के बीच चयन करना होगा। आगे शाह ने कहा कि भाजपा झारखंड की ‘माटी, बेटी, रोटी’ की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, जो वर्तमान शासन में एक गंभीर खतरे में हैं।

भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में विकास कार्य हुए

इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने बताया कि झारखंड में जब भी भाजपा की सरकार रही, तब विकास कार्य हुआ है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि, झारखंड में जब भी भाजपा (BJP) ने सरकार बनाई, तब राज्य में विकास कार्य हुए है। जब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सरकार बनाई, तब उन्होंने राज्य के लिए कुछ भी नहीं किया। उन्होंने केवल अपने परिवार का विकास किया। पिछले पांच वर्षों से वे झारखंड को लूट रहे हैं। उन्होंने अपना वादा भी पूरा नहीं किया। जनता ने इस बार एनडीए (NDA) की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

बीजेपी प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा है कि इस घोषणापत्र में सभी समूहों किसान, महिलाएं, युवा, बुनियादी ढांचे और विकास संबंधी विषयों को शामिल किया जाएगा। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया है कि घोषणापत्र में 150 संकल्प होंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड सरकार को खूब घेरा

बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करने के बाद अमित शाह ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “झारखंड में यह चुनाव न केवल सरकार बदलने का चुनाव है, बल्कि झारखंड का भविष्य सुरक्षित करने का चुनाव है। झारखंड की महान जनता को तय करना है कि अखंड भ्रष्टाचार में डूबी हुई सरकार चाहिए या विकास के रास्ते पर चलती हुई मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा (बीजेपी) सरकार चाहिए। ओर घुसपैठ कराकर झारखंड की अस्मिता, माटी और महिलाओं को खतरे में डालने वाली सरकार चाहिए या परिंदा भी पर न मार सके ऐसी सरहद की सुरक्षा करने वाली बीजेपी (भाजपा) सरकार चाहिए।”

भाजपा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

उन्होंने आगे कहा कि, ‘बेरोजगारी और पेपर लीक से त्रस्त युवा आज भाजपा (बीजेपी) के साथ अपना भविष्य ढूंढ रहे हैं। वहीं भ्रष्टाचार से गरीबों के हक का धन अपने चेले-चपाटों में बांटने वाली सरकार की जगह गरीब का कल्याण करने वाली सरकार को झारखंड की जनता ढूंढ रही है, इसलिए भाजपा (BJP) आज एक चुनावी संकल्प पत्र लेकर आई है और झारखंड को हमारे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी ने बनाया था और झारखंड को संवारने का काम हमारे नेता और देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है, लेकिन पांच साल पहले हेमंत सोरेन की सरकार आई थी, जिन्होंने मोदी जी द्वारा डबल इंजन सरकार के माध्यम से की गई विकास योजनाओं को ठप्प कर दिया है।’

अमित शाह ने बताया कि 2004-14 के बीच यूपीए सरकार के दौरान झारखंड को सिर्फ 84 हजार करोड़ रुपया दिया गया, जबकि मोदी जी ने 2014-24 के बीच में तीन लाख आठ हजार करोड़ रुपया दिया है। झारखंड सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन सरकार ने पांच लाख युवाओं को प्रतिवर्ष नौकरी देने का वादा किया था। आज मैं आपसे हिसाब मांगने आया हूं, 25 लाख छोड़िए आप सिर्फ पांच लाख युवाओं की लिस्ट दे दीजिए। हेमंत सोरेन सरकार से झारखंड का युवा आक्रोशित है और आपको ढूंढ रहा है।”

शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘घुसपैठियों को आपने (हेमंत सोरेन) पनाह दी है। घुसपैठियों मेंं आपको अपना वोट बैंक दिखाई देता है। इस राज्य में घुसपैठियों की वजह से आदिवासियों की संख्या घट रही है, डेमोग्राफी बदल रही है और हेमंत सोरेन की सरकार अपनी धुन में मस्त है। मैं आपसे वादा करता हूं कि भाजपा (बीजेपी) सरकार आएगी, तो घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकालेगी। असम में भाजपा (BJP) सरकार आई और आज असम में घुसपैठ बंद हो गई है। हम रोटी, बेटी और माटी तीनों का संरक्षण करेंगे।’ आप को बता दें कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग की तरफ से निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक झारखंड में दो चरणों- 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *