मार्च-अप्रैल की आपराधिक घटनाओं की हुई समीक्षा: जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित धधौर गांव के डीआरसीसी भवन में शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने की। इस दौरान जिले में मार्च और अप्रैल माह के दौरान हुई आपराधिक घटनाओं की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और साइबर अपराध पर विशेष चर्चा की गई।

लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

अपराध गोष्ठी में एसपी विश्वजीत दयाल ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

एसपी ने अनुसंधान लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि हर केस की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो।

फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलेगा अभियान

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरार वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से ही अपराध पर नियंत्रण संभव है।
साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच और रात्रि गश्ती बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट पर विशेष फोकस

बढ़ते साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों को लेकर एसपी ने चिंता जताई। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को गांव-गांव और बाजारों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में लोगों को अज्ञात कॉल, फर्जी लिंक और बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।

शराबबंदी, भूमि विवाद और संवेदनशील इलाकों की निगरानी पर चर्चा

अपराध गोष्ठी में जिले की विधि-व्यवस्था, शराबबंदी अभियान, भूमि विवाद, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती अभियान चलाने और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखने का निर्देश दिया।

जमुई के कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन, झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार, साइबर डीएसपी राजन कुमार सहित मुख्यालय एवं लाइन डीएसपी मौजूद रहे।
इसके अलावा सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार, जमुई थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह, झाझा थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, चिहरा थानाध्यक्ष रिंकू रजक और गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक समेत जिले के कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जमुई
सिकंदरा थाना क्षेत्र के धधौर गांव स्थित डीआरसीसी भवन में मासिक अपराध गोष्ठी में मौजूद सभी पुलिस अधिकारी

गिद्धौर अस्पताल में दवा काउंटर की लापरवाही से मरीज परेशान, सुबह से भटकते रहे लोग, लिंक पर क्लिक करें और पढ़े ख़बर

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *