जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी 35 वर्षीय अशोक यादव की गिद्धौर में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घर से बुलाकर ले जाने का आरोप
मृतक के पिता धनेश्वर यादव ने झाझा थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनके पुत्र अशोक यादव को गांव के ही रंजीत यादव का पुत्र प्रदीप यादव घर से बुलाकर ले गया था। प्रदीप यादव अशोक को अपनी बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया।
परिजनों के अनुसार जब प्रदीप यादव अशोक को ले जा रहा था, उस समय अशोक की पत्नी सरिता देवी ने उसे जाने से रोकने की कोशिश भी की थी। लेकिन प्रदीप यादव जबरदस्ती उसे अपने साथ ले गया।
कुछ ही देर बाद मिली मौत की खबर
परिजनों का कहना है कि घर से ले जाने के कुछ समय बाद ही अशोक यादव की गिद्धौर में संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने की खबर मिली। इस खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया और गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पिता ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के पिता धनेश्वर यादव ने आवेदन में प्रदीप यादव पर अपने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

झाझा पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर झाझा थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल इस घटना को लेकर गांव में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।
