Jamui । जमुई जिले के कचहरी चौक स्थित अंबेडकर स्थल प्रांगण में ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले ड्राइवरों ने अपनी दस सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत संघ के पदाधिकारियों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर की।
बाबा साहेब को पुष्पांजलि देकर शुरू हुआ कार्यक्रम
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विकास यादव ने की, जबकि संचालन जिला सचिव रामाशीष पटेल ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ड्राइवर और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
ड्राइवरों को सामाजिक न्याय दिलाने की मांग
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद जिला संयोजक सह समाजसेवी गौरव सिंह राठौड़ और जिला कोषाध्यक्ष गणेश यादव ने कहा कि ड्राइवर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें समाजिक न्याय और सुरक्षा नहीं मिल पाती। उन्होंने सरकार से अपील की कि ड्राइवरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए दस सूत्री मांगों पर सकारात्मक पहल की जाए।
ये मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा बड़ा आंदोलन
वक्ताओं ने कहा कि अगर आने वाले समय में सरकार उनकी मांगों पर विचार नहीं करती है, तो ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के नेतृत्व में देशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र राय के आह्वान पर बिहार के सभी जिलों में यह धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
जिला अधिकारी को सौंपा जाएगा मांग पत्र
धरना कार्यक्रम के बाद ड्राइवरों की ओर से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपा जाएगा, ताकि सरकार तक उनकी बात पहुंच सके।

दस सूत्री मांगों में क्या-क्या शामिल
- धरना के दौरान ड्राइवरों ने सरकार के सामने कई अहम मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से—
- सड़क दुर्घटना में मृत्यु को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाए
- ड्राइवर वेलफेयर फंड की व्यवस्था की जाए
- सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये मुआवजा
- अपंगता की स्थिति में 10 लाख रुपये मुआवजा मिलना चाहिए
- ड्राइवरों के बच्चों को उच्च शिक्षा में विशेष आरक्षण मिले
- 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित किया जाए
- ड्राइवरों को द्वितीय श्रेणी सैनिक का दर्जा दिया जाए
- ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाया जाए
- पेंशन योजना और बेहतर चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था
ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील
धरना के समापन पर जिला अध्यक्ष विकास यादव ने ड्राइवरों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी चालक यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और कभी भी शराब पीकर वाहन न चलाएं।
अनुशासन में दिखा ड्राइवरों का अनोखा संगम
धरना कार्यक्रम के दौरान हजारों की संख्या में ड्राइवर खाकी वर्दी में नजर आए। सभी ने अनुशासन के साथ शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपना प्रदर्शन किया और यातायात नियमों का भी पालन किया।
ये सभी लोग रहे मौजूद
इस मौके पर कुणाल सिंह, नितेश्वर आजाद, मो. चांद, मदन शर्मा, गंगा राम, चंद्रवंशी मिथिलेश सिंह, बबन यादव, दिलीप यादव, मनोज यादव, पंचदेव कुमार, रतनदेव कुमार, निरज यादव, अनुज सिंह, मुन्ना सिंह, अखिलेश यादव, रोहित यादव, राजेश यादव, धर्मेंद्र यादव, अरविंद कुमार, विकास कुमार, लालू यादव, बुधन यादव, पंकज कुमार समेत हजारों की संख्या में ड्राइवर और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
