जमुई जिले के गिद्धौर में रविवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर गैस एजेंसी के पास एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने मिक्चर यानी नमकीन बेचकर घर लौट रहे एक वृद्ध व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वृद्ध सड़क पर ही गिर पड़े, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घायल की पहचान: गिद्धौर थाना क्षेत्र सरसा गांव के राजेंद्र मोदी

घायल व्यक्ति की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के सेवा पंचायत अंतर्गत सरसा गांव निवासी राजेंद्र मोदी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वे रोजाना गिद्धौर के मिनटों टावर के पास मिक्चर की छोटी दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को भी वे रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे, तभी अचानक पीछे से आए एक अज्ञात फोर व्हीलर ने उन्हें टक्कर मार दी और जमुई की दिशा में भाग निकला।

 

 

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, अस्पताल पहुंचाया

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से राजेंद्र मोदी को तत्काल दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, राजेंद्र मोदी मेहनतकश और शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं, जो रोज कमाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना को जानकारी दी गई। इसके बाद एसआई मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी वाहन चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

बढ़ते हिट एंड रन मामलों पर सवाल

गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की शिकायतें मिलती रहती हैं। इस तरह की घटनाएं प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस मार्ग पर नियमित गश्ती और स्पीड कंट्रोल के कड़े इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
यह घटना न केवल एक परिवार के लिए त्रासदी है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि सड़क पर लापरवाही किसी की जिंदगी छीन सकती है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी.

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *