झाझा | AVN News Desk | डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराध और युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में शनिवार (1 अगस्त 2026) को झाझा स्थित +2 एम.जी.एस. विद्यालय में साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और नशा मुक्ति विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक बनाना था ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकें।
जिला प्रशासन के निर्देश पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार विद्यालय में नामांकित एवं अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी देने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
रोशन कुमार (आर्यन) ने दी साइबर सुरक्षा की विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम में रोशन कुमार (आर्यन) को प्रशिक्षक (Trainer) के रूप में नियुक्त किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से माशूम लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।
उन्होंने छात्रों को विशेष रूप से निम्न बातों का पालन करने की सलाह दी :
- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना OTP साझा बिलकुल भी न करें।
- बैंकिंग पासवर्ड, ATM PIN और अन्य गोपनीय जानकारी किसी को न दें।
- अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें।
- ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करें।
किसी भी संदिग्ध कॉल या डिजिटल अरेस्ट जैसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
नशा मुक्ति पर भी किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति का ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य भी प्रभावित करती है। प्रशिक्षक ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुआ आयोजन
इस जागरूकता कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र सिंह ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ साइबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों की जानकारी होना भी बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र सिंह, प्रशिक्षक रोशन कुमार (आर्यन), अशोक कुमार यादव, अबू सुफियान, मनीष कुमार, रवि कुमार, विकास झा, सरोज सिंह, गौतम कुमार, पूजा कुमारी, बिनीता कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय में उपस्थित रहे।

साइबर अपराध और नशे पर जागरूकता कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण
साइबर अपराध और नशे जैसी सामाजिक चुनौतियों से बचाव के लिए विद्यालय स्तर पर इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। छात्रों को समय रहते सही जानकारी मिलने से वे स्वयं सुरक्षित रहेंगे और समाज में भी जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।
Written & Edit by : Chandan Patel.
Ground Reportd By: Vikki Kumar

ये भी पढ़े…क्या भारत में सत्ता ही सब कुछ है? चुनाव के बाद जनता के मुद्दे आखिर क्यों पड़ जाते हैं पीछे
