चेन्नई CSK Vs PBKS : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैच नंबर-7 में आज (3 अप्रैल) चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) और पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पंजाब किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
चेन्नई ने खड़ा किया बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 210 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 43 गेंदों पर 73 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
खराब शुरुआत के बाद संभली CSK की पारी
चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन (7 रन) का विकेट गंवा दिया। उन्हें तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया।
इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 96 रनों की अहम साझेदारी की।
गायकवाड़ और म्हात्रे की साझेदारी
ऋतुराज गायकवाड़ ने 22 गेंदों पर 28 रन बनाए, लेकिन लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वहीं आयुष म्हात्रे ने 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
मिडिल ऑर्डर का योगदान
आयुष के आउट होने के बाद कार्तिक शर्मा (1 रन) जल्दी पवेलियन लौट गए। लेकिन सरफराज खान ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं शुभम दुबे की शानदार और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंद पर 45 नोट आउट रहे जिसमें 5 फोर ओर एक छक्का शामिल ओर उनकी इस तेज पारी ने टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

CSK vs PBKS: हेड-टू-हेड आंकड़े
आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है।
कुल मैच: 32
चेन्नई की जीत: 16
पंजाब की जीत: 16
पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच खेले गए दोनों मुकाबलों में पंजाब किंग्स ने जीत हासिल की थी।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK): संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज, मैट हेनरी, खलील अहमद।
पंजाब किंग्स (PBKS): प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
मुकाबला बना रोमांचक
210 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अब पंजाब किंग्स पर दबाव होगा। एक ओर जहां चेन्नई की गेंदबाजी मजबूत मानी जाती है, वहीं पंजाब के बल्लेबाजों ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में यह मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।
