IND vs PAK Match Highlights, T20 World Cup 2024: टी20 विश्व कप 2024 में रविवार (9 जून) को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला गया, जो बेहद ही रोमांचक रहा. बारिश से बाधित इस लो-स्कोरिंग मुकाबले को इंडियन टीम ने बेहद ही रोमांचक और नाटकीय अंदाज में 6 रनों से जीत लिया. इस मैच में एक समय पूरी तरह पाकिस्तान के चंगुल में नजर आ रहा था.
120 रनों का छोटा सा टारगेट चेज करते समय पाकिस्तान टीम ने शुरुआती 14 ओवरों में मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी. मगर इसके बाद ही भारतीय गेंदबाजों ने खासकर जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने ऐसा कमाल दिखाया कि पाकिस्तान को घुटनों पर ला कर खड़ा कर दिया.
यह मुकाबला न्यूयॉर्क के नसाऊ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था. इस मुकाबले में पाकिस्तान टीम को जीत के लिए 120 रनों का एक छोटा सा टारगेट मिला था, मगर वह 7 विकेट गंवाकर महज़ 113 रन ही बना सकी. टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 8 मैचों में यह 7वीं जीत रही है. आइए जानते हैं कि मैच का टर्निंग पॉइंट क्या रहा और गेंदबाजों ने कैसे पाकिस्तान को समेट दिया…
टी20 विश्व कप में मोहम्मद रिजवान का विकेट रहा असल टर्निंग पॉइंट
दरअसल, बारिश से बाधित इस मैच में पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जिसकी सभी ने खूब सराहना भी की. फिर इसके बाद भारतीय टीम 119 रनों पर ही सिमट गई. यानी पाकिस्तान टीम को 120 रनों का आसान सा टारगेट मिला. यहां तक भी पाकिस्तान के पहले गेंदबाजी का फैसला भी सही दिख रहा था.
पाकिस्तान टीम ने टारगेट चेज करते हुए 14 ओवरों में 3 विकेट पर 80 रन भी बना लिए थे. यानी कि पाकिस्तान टीम के 7 विकेट शेष बाकी थे और उसे जीत के लिए 36 गेंदों पर सिर्फ 40 रनों की ही जरूरत थी. यहां से जीत पाकिस्तान टीम की झोली में बिलकुल साफ़ नजर आ रही थी. मगर इसके बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 15वां ओवर जसप्रीत बुमराह को दिया, जिसने पूरी बाजी ही पलट दी.
जसप्रीत बुमराह ने इस ओवर में पहली ही बॉल पर 31 रन बनाकर खेल रहे सेट बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को क्लीन बोल्ड कर दिया और पाकिस्तान को एक बड़ा झटका दिया और बैकफुट पर धकेल दिया. इस विकेट के बाद तो पाकिस्तान टीम जरा भी संभल नहीं सकी.
फिर अक्षर पटेल-हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान पर कसी नकेल
फिर 16वां ओवर स्टार हरफनमोला स्पिनर अक्षर पटेल ने किया था, जिन्होंने सिर्फ 2 रन ही दिए. यहां से फिर पाकिस्तान पर काफी दबाव बढ़ा था. फिर 17वां ओवर हार्दिक पंड्या ने किया और उन्होंने तीसरी ही गेंद पर शादाब खान को शिकार बनाया और पाकिस्तान को पूरी तरह से चारों खाने चित्त कर दिया.
हार्दिक पंड्या ने 17वें ओवर में एक विकेट लेकर सिर्फ 5 रन दिए. अब यहां से पाकिस्तान टीम को आखिरी 18 गेंदों पर यानी 3 ओवर में 30 रनों की जरूरत थी. फिर यहां से 18वां ओवर मोहम्मद सिराज लेकर आए, जिसमें पाकिस्तान ने 9 रन बनाए. यहां से भी मैच पाकिस्तान की गिरफ्त में ही दिखाई दे रहा था. उन्हें आखिरी 2 ओवर में 21 रनों की जरूरत थी और 5 विकेट शेस बाकी थे.
आखिरी 2 ओवरों में जसप्रीत बुमराह-अर्शदीप ने समेटा
19वां ओवर एक बार फिर जसप्रीत बुमराह लेकर आए और उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन ही दिए. साथ ही सबसे बड़ी सफलता भी हासिल की थी. जसप्रीत बुमराह ने इफ्तिखार अहमद को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया. और अब पाकिस्तान टीम को आखिरी ओवर यानी गेंदों 6 में 18 रनों की जरूरत थी.
मगर कप्तान रोहित शर्मा ने यह आखिरी ओवर तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को दिया था. जबकि क्रीज पर मौजूद शाहीन आफरीदी और इमाद वसीम थे. फिर वालिंग करने आए अर्शदीप सिंह ने पहली ही गेंद पर इमाद को कैच आउट कराया और पाकिस्तान की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी थी. फिर शाइन आफरीदी और नसीम शाह मिलकर ओवर में 11 रन ही बना सके और पाकिस्तान की टीम 6 रनों से मैच हार गई.

मैच में ये है भारत-पाकिस्तान की प्लेइंग-11
भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज.
पाकिस्तान टीम: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), उस्मान खान, फखर जमां, शादाब खान, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, शाहीन शाह आफरीदी, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर और हारिस रउफ.
