टी-20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल आज भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। मुकाबला मुंबई के Wankhede Stadium में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। दोनों टीमें लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने हैं, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है।

लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में भिड़ंत

भारत और इंग्लैंड 2022 और 2024 के बाद अब 2026 में भी सेमीफाइनल में टकरा रहे हैं। पिछले दो मुकाबलों में दोनों टीमों को 1-1 जीत मिली थी। खास बात यह रही कि जो भी टीम सेमीफाइनल जीती, उसने फाइनल भी अपने नाम किया।

छठी बार सेमीफाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें

भारत का रिकॉर्ड

भारतीय टीम छठी बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007, 2014, 2016, 2022 और 2024 में टीम टॉप-4 में रही। इन 5 मौकों में से भारत ने 3 बार सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

इंग्लैंड का रिकॉर्ड

इंग्लैंड भी छठी बार सेमीफाइनल खेल रहा है। टीम 2010, 2016, 2021, 2022 और 2024 में इस स्टेज तक पहुंची थी। इनमें से 3 बार जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।

वर्ल्ड कप में छठी भिड़ंत

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 29 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें 5 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें भारत ने 3 और इंग्लैंड ने 2 मुकाबले जीते।

कप्तान सूर्यकुमार भारत के टॉप स्कोरर

सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 7 मैचों में 231 रन बनाए हैं, जिसमें 84 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है।
गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) ने 7 मैचों में 12 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है।

भारत
फाइल फोटो: भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव

इंग्लैंड के लिए ब्रुक और रशीद अहम

हैरी ब्रुक (Harry Brook) इंग्लैंड के लिए 7 मैचों में 228 रन बनाकर सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज रहे हैं।
गेंदबाजी में आदिल रशीद (Adil Rashid) ने 7 मुकाबलों में 11 विकेट झटके हैं।

भारत
फाइल फोटो: इंग्लैंड कप्तान हैरी ब्रुक

पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों को मदद, ओस बनेगी फैक्टर

वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। साफ मौसम के कारण ओस अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

  • यहां 16 टी-20 इंटरनेशनल में 8 बार चेज करने वाली टीम और 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है।
  • 254 रन इस मैदान का सर्वोच्च स्कोर है, जो वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया।
  • 32 पारियों में 6 बार 200+ का स्कोर बन चुका है।2025 में इंग्लैंड इसी मैदान पर भारत के खिलाफ 97 रन पर ऑलआउट हो चुकी है।

मौजूदा वर्ल्ड कप में वानखेड़े का ट्रेंड

इस वर्ल्ड कप में यहां 7 मुकाबले खेले गए।

  • शुरुआती 3 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते।
  • अगले 3 मुकाबलों में चेज करने वाली टीमों को सफलता मिली।
  • आखिरी मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 107 रन से जीत दर्ज की।

मुंबई में मौसम साफ, रिजर्व डे भी तय

मुंबई में बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और रात में 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

एहतियात के तौर पर आईसीसी ने 6 मार्च को रिजर्व डे रखा है। अगर 5 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो अगले दिन मुकाबला खेला जाएगा।

यदि रिजर्व डे पर भी मैच नहीं हो सका, तो सुपर-8 में ग्रुप-1 में पहले स्थान पर रहने के कारण इंग्लैंड सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा, जबकि भारत दूसरे स्थान पर रहा था।

संभावित प्लेइंग-11

भारत : संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।

इंग्लैंड : फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रुक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, जैमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद।

कहां देखें लाइव मैच?

भारत और इंग्लैंड के बीच यह हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित होगा। इसके अलावा जियोहॉटस्टार ऐप पर भी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम फाइनल का टिकट हासिल करती है और खिताब की ओर एक कदम और बढ़ाती है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *