AVN News Desk New Delhi: कांग्रेस और आप की लम्बे समय से चल रही बात चीत पर अब फाइनल मुहर लग गई है । अब कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी (AAP) पांच राज्यों में साथ मिलकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. इस गठबंधन का ऐलान आज राजधानी दिल्ली में कांग्रेस और AAP नेताओं ने किया और लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सीट बंटवारे की घोषणा भी की. दोनों दलों के नेताओं ने ऐलान किया है कि वो पंजाब को छोड़कर दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, गोवा और गुजरात में मिलकर चुनाव लड़ेंगे.
गोवा में अपने उम्मीदवार वापस लेगी आम आदमी पार्टी
गोवा की दो लोकसभा सीटें हैं जिनमें से एक पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कुछ दिन पहले ही अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था. आम आदमी पार्टी ने गोवा दक्षिण सीट पर वेंजी वेइगास को अपना उम्मीदवार बनाया था. अब गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार यहां से वापस लेगी और कांग्रेस पार्टी दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी. कांग्रेस पार्टी में महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा है कि, “गोवा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है और फिर यह तय हुआ है कि कांग्रेस पार्टी दोनों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.”

गुजरात में आप को मिली दो सीटें
गुजरात में लोकसभा की कुल 26 सीटें हैं और फिलहाल सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी काबिज है. कुछ दिन पहले ही कांग्रेस पार्टी ने राज्य की दो सीटों -भरूच और भावनगर सीट से अपने उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया था. अब बने गठबंधन के तहत भी आम आदमी पार्टी को यही दो सीटें मिली हैं. कांग्रेस पार्टी महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने कहा है कि, ‘गुजरात में 26 लोकसभा सीटें हैं. कांग्रेस पार्टी 24 पर चुनाव लड़ेगी. 2 सीटों में भरूच लोकसभा सीट और भावनगर लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी. ‘
हरियाणा में आप को मिली एक सीट
हरियाणा में लोकसभा की कुल 10 सीटें हैं और सभी पर भाजपा काबिज है. अब आम आदमी पार्टी को कांग्रेस पार्टी ने यहां पर कुरुक्षेत्र की सीट दी है जबकि बांकी 9 सीटों पर कांग्रेस पार्टी खुद चुनाव लड़ेगी. कुरुक्षेत्र की सीट से फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के नायब सिंह सांसद हैं. कांग्रेस पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा है कि, “हरियाणा में 10 लोकसभा सीटें हैं. कांग्रेस पार्टी 9 सीट पर चुनाव लड़ेगी, 1 सीट-कुरुक्षेत्र पर AAP के उम्मीदवार होंगे.”
चंडीगढ़ में कांग्रेस पार्टी लडेगी चुनाव
चंडीगढ़ पर पहले आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारने का ऐलान कर रही थी लेकिन अब आम आदमी पार्टी कांग्रेस पार्टी का समर्थन करेगी यानी चंडीगढ़ सीट आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पार्टी को देने का फैसला लिया है. मुकुल वासनिक ने कहा है, ‘चंडीगढ़ पर लंबी चर्चा के बाद अंत में यह निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार वहां से चुनाव लड़ेगा.’
राजधानी दिल्ली में 4-3 का फॉर्मूला
आम आदमी पार्टी राजधानी दिल्ली में नई दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, साउथ दिल्ली और ईस्ट दिल्ली लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं कांग्रेस पार्टी नॉर्थ ईस्ट, नॉर्थ वेस्ट और चांदनी चौक सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वही गुजरात में आम आदमी पार्टी भरूच और भावनगर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं हरियाणा में कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर भी अपना प्रत्याशी उतारेगी. दिल्ली की सभी सात सीटों पर फिलहाल भारतीय जनता पार्टी काबिज है.
पंजाब में आमने-सामने होंगे कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी
जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी पांच राज्यों में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं दोनों दलों के बीच पंजाब में साथ चुनाव लड़ने को लेकर सहमति नहीं बन पाई है. यानि कि यहां दोनों दल सभी सीटों पर आमने-सामने होंगे. जब मुकुल वासनिक से पंजाब को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा है कि पंजाब के हालात कुछ अलग हैं.
