Weather Alerts: दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, और उत्तराखंड समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुक्रवार को इस सर्दी की पहली झमाझम बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में पहाड़ों पर बर्फबारी भी हुई, जिससे मैदानों में भी ठिठुरन बढ़ गई। दिल्ली में बारिश के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया और दृश्यता कम हो गई। हालांकि उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा। बारिश व ठंड के चलते गाजियाबाद में स्कूलों में आठवीं तक की कक्षाओं की 3 दिन के लिए छुट्टी कर दी गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में बरसात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में शीतलहर भी चलेगी।

आज इन राज्यों में होगी बारिश

वही,मौसम विभाग के मुताबिक, 28 दिसंबर को गुजरात, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश , विदर्भ, महाराष्ट्र, में भी गरज-बरस के साथ छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा,कुछ इलाकों में बिजली गिरने और 30-5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई जा रही है।

वही दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार तड़के बारिश शुरू हुई, जो शाम तक रुक-रुक कर होती रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि मौसम के मिजाज में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है। इसके प्रभाव से ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ ही उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश हुई और चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।

दिल्ली में 27 साल बाद सबसे ज्यादा बारिश

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को 27 साल बाद दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक 42.8 मिमी बारिश हुई।  इससे पहले 1997 में दिसंबर में एक दिन में 71.8 मिमी बारिश यानी बरसात हुई थी। वहीं, दिन का तापमान भी 9.5 डिग्री गिरकर 14.6 डिग्री पर आ गया था, जो दिसंबर महीने में पांच वर्षों में सबसे कम से अधिकतम तापमान है।

दिल्ली
दिल्ली में बरसात से बचने की कोशिश में लोग

शीतलहर-बर्फबारी की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 29 से 31 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वही राज्य के लाहौल स्पीति-चांबा समेत छह जिलों में शनिवार को बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। 28 दिसंबर को उत्तराखंड व हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में दिन में भारी ठंड पड़ने की संभावना भी जताई गई है।

दिल्ली
शीतलहर-बर्फबारी की चेतावनी

किश्तवाड़ में तीन की मौत, सात उड़ानें रद्द, परीक्षाएं टलीं

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में वाहन फिसलकर खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। बर्फबारी के चलते सात उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कश्मीर विश्वविद्यालय की शनिवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।

दिल्ली में ग्रेप-3 की पाबंदियां हटीं

मौसम के बदले मिजाज के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण में कमी आई है। इसको देखते हुए दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण (ग्रेप 3) की सख्त पाबंदियों को हटा लिया गया है, लेकिन ग्रेप 1 और 2 की पाबंदियां लागू रहेंगी। दिल्ली में शुक्रवार शाम 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 324 दर्ज किया गया, जो बहुत ही खराब श्रेणी में आता है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *