AVN News Weather Report: पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब समेत उत्तर पश्चिम भारत में एक दिन की मामूली राहत के बाद गलन वाली ठंड फिर बढ़ गई है। कई जगह घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाया रहा, खासकर रात और सुबह के समय। दिन में हल्की धूप खिली, लेकिन ठंडी हवाओं ने उसकी गर्मी को बेअसर कर दिया है। इसका असर तापमान पर पड़ा और न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, कई जगह यह गिरावट ज्यादा रही है। गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद तक न तो कोहरे से और न ही गलन वाली ठंड से राहत मिलने वाली है। पहाड़ी इलाकों में 25 के बाद बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई जा रही है और अगर संभावना हकीकत में बदली तो और ठंड बढ़ेगी। वहीं, दिल्ली-एनसीआर मे भी सर्दी का सितम बदस्तूर जारी है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि खराब मौसम के कारण कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं चल रही हैं।

उत्तर
ठंड से निजात पाने के लिए अलाव जलाकर

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए 24 जनवरी को भीषण ठंड और घने कोहरे का रेड अलर्ट भी जारी किया है। राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट और हिमाचल, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाके और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 27 जनवरी तक अलग-अलग राज्यों में कोहरे और ठंड को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि ठंड तो दिन भर बनी रहेगी, लेकिन घना कोहरा खासतौर पर रात और सुबह के समय देखा जाएगा।

उत्तर प्रदेश,पंजाब, हरियाणा में शीतलहर जारी

पंजाब और हरियाणा को शीतलहर से अभी भी मुक्ति नहीं मिली है। दोनों राज्यों में ज्यादातर जगहों पर पारा और लुढ़का है। भीषण सर्दी से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, पंजाब में 3.6 डिग्री सेल्सियस के साथ पटियाला सबसे ठंडा रहा है।

कल से ही हिमाचल में बर्फबारी ……

आईएमडी के शिमला केंद्र ने हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। राज्य के अत्यधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बृहस्पतिवार से ही हिमपात यानी बर्फबारी का अनुमान है। कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को बर्फबारी के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है।

कश्मीर में ठंडी हवा शीतलहर जारी

जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी है, खासतौर पर कश्मीर घाटी में शीतलहर चल रही है। रात के समय में पारा हिमांक बिंदु के करीब तक पहुंच जा रहा है। दिन के समय धूप खिलने से न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ावा चल रहा है। श्रीनगर में सोमवार की रात न्यूनतम तापमान माइनस 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले के माइनस 5.3 के मुकाबले कुछ ऊपर रहा है।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *