उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयघोषों से गूंज उठा। इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से यहां पहुंचे थे।
सीएम धामी ने की विशेष पूजा, मांगी प्रदेश की खुशहाली
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अवसर पर धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
51 कुंतल फूलों से सजा धाम, भव्यता ने मोहा मन
इस बार केदारनाथ धाम को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिर की आकर्षक सजावट ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर तरफ रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू और आध्यात्मिक माहौल ने पूरे परिसर को दिव्य बना दिया।
पंचमुखी डोली की भव्य यात्रा से शुरू हुई परंपरा
कपाट खुलने से पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना हुई थी। यह डोली लगभग 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए केदारपुरी पहुंची।
मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे धाम पहुंची इस डोली का श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली भंडार गृह में स्थापित की गई, जहां विधिवत पूजा संपन्न हुई।
केदारनाथ में शिवमय हुआ वातावरण, बैंड और डमरू की गूंज
डोली के आगमन के दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से पूरा केदारनाथ धाम शिवमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए और हर ओर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और आईटीबीपी के जवान हर जगह तैनात हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ
कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।
इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी एवं बीकेटीसी मुख्य कार्य अधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आस्था, श्रद्धा और विश्वास का संगम
केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही एक बार फिर हिमालय की वादियों में आस्था, श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। हर साल की तरह इस बार भी बाबा केदार के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

