AVN News Desk New Delhi: राजधानी दिल्ली में ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल करने की घोषणा की है। ये झाडू नहीं उठाएंगे और सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक सिविक सेंटर के पांच नंबर गेट पर बिना कपड़ों के धरने पर बैठेंगे। ठेके पर सभी सफाई कर्मचारियों की मांग है, इन्हें बिना देर किए नियमित नौकरी दी जाए। करीब 20 साल से इनसे ठेके पर काम लिया जा रहा और लगातार पक्का करने का आश्वासन भर ही दिया जा रहा है।

इसमें खास बात ये है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी समर्थन देगी, जबकि मेयर डॉ शैली ओबरॉय ने कहा है कि वह बातचीत कर सफाई कर्मियों को मनाने की पूरी कोशिश कर रही हैं। फिलहाल, मंगलवार को सफाई कर्मियों की मनोदशा देखकर ऐसी आशंका नजर आई है कि इन्होंने धरने पर जाने का पूरा मन बना लिया है।

राजधानी दिल्ली

दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी ने सिविक सेंटर पर धरने का आह्वान किया है। इसमें सभी 12 जोन से हजारों सफाई कर्मियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन इतनी बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने एक साथ काम बंद किया तो राजधानी दिल्ली की सफाई व्यवस्था निश्चित रूप से बिगड़ जाएगी। दिल्ली में आबादी और क्षेत्रफल के लिहाज से सफाई कर्मचारियों की संख्या सीमित ही है। हर दिन, हर एक सड़क पर झाडू नहीं लग रही, न ही हर जगह से दिनभर में कूड़ा उठ पा रहा है। यदि हजारों सफाई कर्मचारियों ने एक साथ काम ठप किया तो सड़कों, गलियों, चौक चौराहों पर कूड़े का अंबार लगना तय है। दिल्ली में हर दिन करीब 11 हजार मीट्रिक टन कचरा निकलता है।

राजधानी दिल्ली में सफाई कर्मचारियों का सिर्फ शोषण हो रहा – राजा इकबाल सिंह

नगर निगम में नेता विपक्ष व पूर्व मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा है कि, बुधवार को दिल्ली के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे। क्योंकि उनका सिर्फ शोषण हो रहा। निगम में आप यानी आम आदमी पार्टी के शासनकाल में कर्मचारी परेशान हैं और दिल्ली की जनता त्रस्त है। अनधिकृत कॉलोनियों में नालियां और पीडब्ल्यूडी के नाले मलबे से लबालब भरा हैं। पूरी दिल्ली की सड़कें कूड़े से पटी हैं।

सफाई कर्मियों के धरने में शामिल होगी कांग्रेस पार्टी
नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा है कि, अस्थाई कर्मचारी के रूप में लंबे समय से काम कर रहे हजारों सफाई कर्मचारियों व दूसरे विभागों के अन्य कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर निगम के समस्त यूनियन कोर कमेटी ने धरना बुलाया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली के निर्देश पर ही दिल्ली कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता इसमें भाग लेने पर कहा गया है।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *