जमुई | गिद्धौर: जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में मारपीट, रुपये छीनने और परिवार को बंधक बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के कई लोगों पर ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट करने, ₹10 हजार छीनने, हथियार से हमला कर घायल करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर चालक को रोककर दोबारा खेत जोतने का बनाया दबाव

गिद्धौर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पंचायत अंतर्गत धोबघट गांव निवासी दरोगी यादव ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र रामजी यादव ट्रैक्टर से सिमरिया गांव में खेत की जुताई कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सिमरिया गांव निवासी राजेश चौधरी और सोनू चौधरी ने उसे रास्ते में रोक लिया।

आरोप है कि दोनों ने दोबारा खेत जोतने का दबाव बनाया। जब रामजी यादव ने इससे इनकार किया तो कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसकी जेब से ₹10 हजार नकद भी छीन लिए गए।

तलवार, रॉड और अन्य हथियारों से हमला करने का आरोप

आवेदन के अनुसार, कुछ ही देर बाद रितेश चौधरी, वीरेंद्र चौधरी समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तलवार, रॉड तथा अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दरोगी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

मारपीट
मारपीट की घटना घायल व्यक्ति की तस्वीर

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें गिद्धौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई रेफर कर दिया।

परिवार को बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी का भी आरोप

पीड़ित ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपितों ने उनकी मां, पत्नी और अन्य परिजनों को करीब एक घंटे तक घर में बंधक बनाए रखा। साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले पर गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि मारपीट से संबंधित लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह समाचार पीड़ित द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन और पुलिस के प्रारंभिक बयान पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Written & Edit by : Chandan Patel.

 मारपीट

ये भी पढ़ें…बांकीपुर से जीतकर विधानसभा पहुंचे प्रशांत किशोर: क्या बिहार की राजनीति में शुरू होगा नया अध्याय? सम्राट चौधरी और तेजस्वी यादव दोनों के लिए क्यों बढ़ी चुनौती

ये भी पढ़ें…सहरसा में बड़ा रेल हादसा टला: समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन के इंजन और तीन बोगियों में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

ये भी पढ़ें…गिद्धौर में मकान निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मशीन स्लिप होने से मजदूर गंभीर घायल

ये भी पढ़ें…जमुई: झाझा थाना की पुलिस अवर निरीक्षक का कथित वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने लगाए अभद्र व्यवहार के आरोप

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *