Jamui Road Accident: बिहार के जमुई जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। मामा की शादी में शामिल होने ननिहाल आया 16 वर्षीय किशोर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।

पुरानी चौक के पास हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के पुरानी चौक के पास रविवार को हुआ है। मृतक की पहचान लखीसराय जिले के हलसी निवासी सुबोध भारती के 16 वर्षीय पुत्र सुभाष गोस्वामी के रूप में हुई है।

बताया गया कि सुभाष अपने मामा की शादी में शामिल होने के लिए सिकंदरा थाना क्षेत्र के भुल्लो गांव स्थित ननिहाल आया था। रविवार को वह बाइक से गोसाईडीह गांव में एक रिश्तेदार के यहां जा रहा था।

इसी दौरान पुरानी चौक के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुभाष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया था। वही हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान ही टूट गई जिंदगी की डोर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और घायल किशोर को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया।

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. घनश्याम सुमन ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही सुभाष ने दम तोड़ दिया।

सड़क
सिकंदरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से 16 वर्षीय किशोर की मौत

शादी की खुशियां बदलीं मातम में

सुभाष की मौत की खबर मिलते ही भुल्लो गांव स्थित ननिहाल और लखीसराय स्थित पैतृक घर में मातम छा गया। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार और गम का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने बाइक को जब्त कर शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पर वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और नियमित पुलिस गश्त को बढ़ाने की भी मांग की है।

Written & Edit by : Chandan Patel.

ये खबर भी पढ़े….जमुई में यात्रियों से भरा टैंपो पलटा, महिला और बच्चों समेत आधा दर्जन घायल; चालक की झपकी या तकनीकी खराबी? जांच में जुटी पुलिस

ये खबर भी पढ़े…Jamui Road Accident: बाबा ढाबा के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल; एक की हालत गंभीर, पटना रेफर

ये खबर भी पढ़े…जमुई: गिद्धौर के कोल्हुआ पंचायत में दम तोड़ रही लोहिया स्वच्छ बिहार मिशन योजना, लाखों खर्च के बाद भी कचरा प्रबंधन ठप

ये खबर भी पढ़े…Jamui News: सिकंदरा में खेत में गाय चरा रही महिला से दुष्कर्म का आरोप, विरोध पर मारपीट; आरोपी की तलाश में पुलिस

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed