खैरा में PM श्री योजना के तहत स्कूल मर्जर का विरोध
जमुई जिले के खैरा प्रखंड में PM श्री योजना के तहत विद्यालय मर्जर को लेकर मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवडीहा के छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने विद्यालय के दूसरे स्कूल में विलय (मर्जर) के निर्णय के खिलाफ खैरा BRC गेट और खैरा हाई स्कूल चौक को घंटों जाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों का कहना था कि वे अपने पुराने विद्यालय में ही पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं और उन्हें दूसरे विद्यालय में भेजने का निर्णय वापस लिया जाए।
छात्रों ने जताई नाराजगी, पुराने विद्यालय में पढ़ाई की मांग
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने बताया कि PM श्री योजना के तहत नवडीहा विद्यालय की कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को खैरा हाई स्कूल में नामांकित करने का निर्देश दिया गया है।
कक्षा 8 के छात्र कुमार रत्नाकर ने कहा कि विद्यालय परिवर्तन से बच्चों को परेशानी होगी। छात्रों की मांग है कि उनकी पढ़ाई पहले की तरह नवडीहा विद्यालय में ही जारी रखी जाए।
प्रदर्शन में सुमित कुमार, आदित कुमार, नीतीश, आदर्श कुमार, सत्यम कुमार, सुमन कुमार, रौनक कुमार, निशा कुमारी, रिया कुमारी, संध्या कुमारी और अंशु कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थे।

अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी जताई चिंता
अभिभावकों ने विद्यालय मर्जर के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि नवडीहा विद्यालय से खैरा हाई स्कूल की दूरी लगभग 1 से 1.5 किलोमीटर है।
उनका कहना है कि बच्चों को प्रतिदिन NH-333 से होकर स्कूल जाना पड़ेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। अभिभावक अनीता देवी और सोनी देवी ने कहा कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला व्यावहारिक नहीं है।
अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि पहले विद्यालय को खैरा परियोजना में शामिल किया गया था, लेकिन बाद में बच्चों को दूसरे विद्यालय में भेजने का निर्णय लिया गया।
भीषण गर्मी में प्रदर्शन, कई बच्चे हुए बेहोश
मंगलवार को तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच बच्चों और महिलाओं ने नवडीहा से पैदल मार्च करते हुए करीब एक किलोमीटर की दूरी तय की और खैरा BRC गेट के पास धरना-प्रदर्शन किया।
लंबे समय तक धूप में रहने के कारण कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश भी हो गए थे । स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विद्यालय प्रशासन ने क्या कहा?
उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवडीहा के प्रधानाध्यापक ललन मेहता ने बताया कि विभागीय आदेश के तहत विद्यार्थियों को खैरा हाई स्कूल में नामांकन कराने की सूचना दी गई थी।
उन्होंने बताया कि 23 मई को संबंधित आदेश प्राप्त हुआ था। आदेश की जानकारी मिलने के बाद बच्चों और अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जिले में 17 विद्यालयों का किया गया है मर्जर
जानकारी के अनुसार PM श्री योजना के तहत जमुई जिले में कुल 17 विद्यालयों का मर्जर किया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों के संसाधनों को बेहतर बनाने और शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ही यह कदम उठाया गया है।
हालांकि कई क्षेत्रों में इस निर्णय को लेकर अभिभावकों और विद्यार्थियों की ओर से विरोध भी सामने आ रहा है।
पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम
घटना की सूचना मिलने के बाद खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई ईशा श्री ने प्रदर्शन कर रहे बच्चों और अभिभावकों से बातचीत की।
काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात व्यवस्था बहाल की गई।
BEO ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
खैरा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) महेश कुमार ने बताया कि संबंधित अधिकारी अवकाश पर हैं। अभिभावकों से आवेदन प्राप्त करने के बाद मामले को जिला स्तर के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों और मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
अभिभावक बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर चिंतित
PM श्री योजना के तहत विद्यालय मर्जर को लेकर खैरा प्रखंड के नवडीहा विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों का विरोध शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है। एक ओर सरकार विद्यालयों के संसाधनों को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठा रही है, वहीं दूसरी ओर अभिभावक बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर चिंतित हैं। अब सभी की नजर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अगले निर्णय पर टिकी है।
आसान! UIDAI ने 30+ नए Documents को दी मंजूरी, क्लिक करे और देखें पूरी लिस्ट..
Reported by: Bikki Kumar
Edited and Written by : Chandan Patel.
