Jamui News: ललकीटांड़ इलाके में मजदूर का शव मिलने से फैली दहशत
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीमनवादा पंचायत के अंबातरी निवासी संजय मांझी (40) के रूप में हुई है। शव सारेबाद से माझीयानी जाने वाले रास्ते पर स्थित ललकीटांड़ इलाके में बरामद किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। वहीं सूचना मिलने के बाद खैरा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
शनिवार से लापता थे संजय मांझी
परिजनों के अनुसार संजय मांझी शनिवार को मजदूरी करने के लिए सारेबाद इलाके गए थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजनों ने आसपास के कई इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने ललकीटांड़ इलाके में सड़क किनारे उनका शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई।
शव मिलने के बाद से परिजनों में मचा कोहराम
संजय मांझी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि संजय मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और बेहद ही सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

पुलिस और FSL टीम कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि संजय मांझी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
ललकीटांड़ इलाके में शव मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
Jamui: जमुई सदर अस्पताल में नवजातों पर संक्रमण का खतरा! एसएनसीयू के बगल में हो रहा पोस्टमार्टम, लिंक पर क्लिक करें और पढ़े ख़बर
