जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे कुंदर ब्राज के पास नदी किनारे बालू से ढका एक महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ सतीश सुमन, टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट सह प्रभारी अंचलाधिकारी किशल्य राज की निगरानी में शव को बालू से बाहर निकाला गया। इससे पहले एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर बारीकी से जांच की।

प्रतापपुर इलाके के स्थानीय लोगों के अनुसार
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव को आवारा कुत्तों द्वारा नोचे जाने की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे शव की स्थिति और भयावह हो गई थी। महिला का सिर गायब होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और चरवाहों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोग इस दिल दहला देने वाली घटना से सहमे हुए हैं और तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
