जमुई | संवाददाता | जमुई-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के केनुहट मोड़ के समीप हुआ, जिससे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में किसान की मौके पर मौत
मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर प्रखंड के केनुहट निवासी 60 वर्षीय किसान सजानंद सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल
वहीं हादसे में घायल बाइक सवार युवक की पहचान नजारी निवासी देवेश कुमार देव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके एक हाथ में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
कैसे हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, सजानंद सिंह साइकिल से केनुहट से मटिया की ओर जा रहे थे। उसी दिशा में देवेश कुमार भी अपनी बाइक से जा रहा था। तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को चकमा दे दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे से साइकिल सवार किसान को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

परिवार में मचा कोहराम
मृतक सजानंद सिंह अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। हादसे के बाद से परिवार में गहरा शोक है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने उठाई सड़क सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की वजह से आए दिन कोई न कोई हादसे हो रहे हैं।
