रमजान के पूरे तीस रोजे और इबादतों के बाद आखिरकार ईद का चांद नजर आ गया। मस्जिदों से इसकी जानकारी दी गई और आसमान में रंग-बिरंगे पटाखों के साथ लोगों ने खुशी का इजहार किया। अकीदतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।

मस्जिदों से हुआ ईद का ऐलान

राजधानी दिल्ली की जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद समेत तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों से शनिवार को ईद-उल-फितर मनाने का आधिकारिक एलान कर दिया गया। इसके बाद पूरे देश में ईद को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल बन गया।

जामा मस्जिद में अदा की गई ईद की नमाज

ईद-उल-फितर 2026 के मौके पर आज सुबह दिल्ली की जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और अमन-चैन की दुआ की।

चांद
रमजान की नवाज़ अदा करते हुए

चांद रात पर बाजारों में उमड़ी भीड़

चांद नजर आने के बाद दिल्ली के प्रमुख इलाकों में रौनक बढ़ गई। चांदनी चौक, जामा मस्जिद और ओखला जैसे क्षेत्रों में लोग आखिरी खरीदारी के लिए उमड़ पड़े। कहीं सेवइयों की खुशबू बिखरी, तो कहीं नए कपड़ों और इत्र की दुकानों पर भीड़ नजर आई।

देर रात तक चली खरीदारी

उर्दू बाजार, मटिया महल, चितली कबर बाजार और ओखला बाजार समेत कई इलाकों में देर रात तक खरीदारी जारी रही। लोग अपने परिवार के लिए टोपी, कुर्ता, इत्र, सेवइयां और मिठाइयां खरीदते नजर आए। चितली कबर बाजार में खरीदारी कर रहे मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि उन्होंने ईद की पूरी तैयारी कर ली है और अब अपने अब्बू के लिए कुर्ता-टोपी खरीद रहे हैं। वहीं, कारोबारी आमिर अली ने बताया कि इस बार रमजान में अच्छा मुनाफा हुआ है, जिससे उनकी ईद की खुशी और बढ़ गई है।

बच्चों में दिखा खास उत्साह

ईद को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे देर रात तक अपने नए कपड़े और जूते तैयार करने में जुटे रहे और ईद के दिन का बेसब्री से इंतजार करते नजर आए।

भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम

रमजान के 30 रोजों के बाद आने वाला यह त्योहार सिर्फ जश्न का नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, मोहब्बत और जरूरतमंदों की मदद का भी संदेश देता है। अकीदतमंदों ने फितरा और जकात देकर यह सुनिश्चित किया कि समाज का हर व्यक्ति इस खुशी में शामिल हो सके।

ईद पर चलेंगी विशेष ट्रेनें

ईद के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दो विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
04626/04625 अमृतसर–न्यू तिनसुकिया आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस
अमृतसर से 22 मार्च को रवाना होगी
वापसी में 26 मार्च को न्यू तिनसुकिया से चलेगी
04052/04051 नई दिल्ली–हावड़ा आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस
नई दिल्ली से 23 मार्च को रवाना होगी
वापसी में 25 मार्च को हावड़ा से चलेगी
ये ट्रेनें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेंगी।

हर घर तक पहुंचेगी ईद की खुशियां

शनिवार की सुबह जब लोग एक-दूसरे से गले मिलेंगे, तो न सिर्फ खुशियां साझा होंगी बल्कि दिलों की दूरियां भी मिटेंगी। ईद-उल-फितर का यह पर्व पूरे देश में प्यार, शांति और भाईचारे का संदेश लेकर आया है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *