Jamui: जमुई जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना गांव में शनिवार को एक आइसक्रीम व्यापारी पर तलवार से हमला कर दिया गया। इस हमले में व्यापारी का बायां हाथ गंभीर रूप से कट गया। घायल अवस्था में व्यापारी ने मुख्य सड़क से गुजर रहे पुलिस अधीक्षक (एसपी) के काफिले को रोककर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।

कटौना गांव के गली में गाड़ी ले जाने से मना करने पर हुआ हमला

घायल व्यापारी की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के चौरा निवासी उमेश पासवान के रूप में हुई है। उमेश पासवान गांव-गांव और गली-गली घूमकर आइसक्रीम बेचने का काम करते हैं।
बताया जाता है कि शनिवार को वे कटौना गांव में आइसक्रीम बेच रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन्हें अपनी गली में आइसक्रीम की गाड़ी ले जाने के लिए कहा। लेकिन रास्ता खराब और संकरा होने के कारण उमेश ने वहां गाड़ी ले जाने से मना कर दिया।

सिर पर किया वार, बचाव में आगे किया हाथ

उमेश पासवान के अनुसार, गली में गाड़ी ले जाने से इनकार करने पर आरोपी नाराज हो गया। उसने अचानक तलवार से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए उमेश ने अपना हाथ आगे कर दिया, जिससे तलवार उनके बाएं हाथ पर लगी और हाथ का आधे से अधिक हिस्सा गंभीर रूप से कट गया।

कटौना
घायल व्यापारी उमेश पासवान

घायल अवस्था में सड़क तक पहुंचे, जमुई एसपी के काफिले से मांगी मदद

हमले के बाद घायल उमेश किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचे। उसी समय वहां से गुजर रहे एसपी के काफिले को उन्होंने रोककर मदद मांगी। एसपी के निर्देश पर मलयपुर थाना पुलिस ने तुरंत घायल को जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

गंभीर हालत में पटना रेफर

सदर अस्पताल के डॉक्टर मनीष कुमार ने प्राथमिक इलाज के बाद उमेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस ने सदर अस्पताल में ही घायल उमेश पासवान का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *