आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार आगाज़ करते हुए संयुक्त राज्य अमेरिका को 29 रनों से शिकस्त दी। शनिवार (7 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 9 विकेट पर 161 रन बनाए, जवाब में यूएसए की टीम 8 विकेट पर 132 रन ही जुटा सकी।
इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने टूर्नामेंट में अपना इरादा साफ कर दिया है।
कप्तान सूर्या का जलवा, अकेले दम पर संभाली पारी
भारतीय पारी की रीढ़ बने कप्तान सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। जब एक के बाद एक विकेट गिर रहे थे, तब सूर्या क्रीज़ पर डटे रहे और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
टॉप ऑर्डर फ्लॉप, मिडिल ऑर्डर भी नहीं चला
टॉस हारकर बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। ईशान किशन (20), तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (0) भी जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद रिंकू सिंह (6) और हार्दिक पंड्या भी कुछ खास नहीं कर सके। एक समय भारत का स्कोर 77/6 था, लेकिन अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव ने सातवें विकेट के लिए अहम 41 रन जोड़कर पारी को संभाला।
शैडली वान शल्कविक की घातक गेंदबाज़ी
यूएसए की ओर से शैडली वान शल्कविक सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 25 रन देकर 4 विकेट झटके। हरमीत सिंह को 2 विकेट मिले।
सिराज की वापसी ने बदला मैच का रुख
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की शुरुआत लड़खड़ा गई। मोहम्मद सिराज ने अपने पहले ही स्पेल में एंड्रीज गौस (6) और सैतेजा मुक्कमल्ला (2) को आउट कर दिया। कप्तान मोनांक पटेल (0) को अर्शदीप सिंह ने चलता किया।

मिलिंद–संजय की साझेदारी, लेकिन अक्षर ने तोड़ी कमर
मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने चौथे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर मुकाबले में जान डालने की कोशिश की। मिलिंद ने 34 रन बनाए, जबकि संजय कृष्णमूर्ति ने 31 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली। लेकिन अक्षर पटेल ने लगातार गेंदों पर संजय और हरमीत सिंह को आउट कर मैच भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
शुभम रंजने की फाइटिंग पारी बेकार गई
नीचे क्रम में शुभम रंजने ने 22 गेंदों पर 37 रन बनाए, लेकिन तब तक मैच भारत की पकड़ में आ चुका था। भारत की ओर से सिराज ने 3 विकेट, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह ने 2-2 विकेट झटके।
बुमराह बाहर, ईशान को मिला मौका
इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह वायरल फीवर के कारण नहीं खेले। उनकी जगह मोहम्मद सिराज को मौका मिला, जिन्होंने इसे पूरी तरह भुनाया। संजू सैमसन की जगह ईशान किशन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया।
ओपनिंग सेरेमनी में बादशाह–नोरा फतेही का जलवा
मैच से पहले वानखेड़े स्टेडियम में भव्य ओपनिंग सेरेमनी आयोजित हुई। रैपर बादशाह और अभिनेत्री नोरा फतेही की परफॉर्मेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने टूर्नामेंट का आधिकारिक उद्घाटन किया।
अगला मुकाबला नामीबिया से
भारतीय टीम अब अपना अगला मैच 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ खेलेगी।
भारत इस बार इतिहास रचने की कोशिश में है, क्योंकि अब तक कोई भी टीम टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड नहीं कर पाई है।
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दोनों टीमों का प्लेइंग इलेवन
मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और वरुण चक्रवर्ती.
मुकाबले में यूएसए की प्लेइंग-11: एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), सैतेजा मुक्कमल्ला, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, अली खान और सौरभ नेत्रवलकर.
भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के इस मुकाबले से पहले सिर्फ एक बार आमने-सामने हुई थीं. साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में वो मुकाबला खेला गया था. न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए मुकाबले में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने यूएसए को 7 विकेट से पराजित किया था.
