गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर रतनपुर चौक शुक्रवार की तड़के यानी सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का गवाह बना, जब दो भारी ट्रकों की जोरदार टक्कर में सड़क किनारे स्थित दो दुकानें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हादसे में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने की बात सामने आ रही है।
कैसे हुआ रतनपुर चौक में हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की अहले सुबह एक बालू लदा हाईवा ट्रक रतनपुर चौक से गूगुलडीह की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही गिट्टी लदी एक अनियंत्रित ट्रक ने हाईवा में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक सड़क किनारे स्थित राजेश सिंह और ध्रुव सिंह की दुकानों में जा घुसे।

मलबे में तब्दील हुईं दुकानें
हादसे के बाद दोनों दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुकान मालिक ध्रुव सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में उन्हें लाखों रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई दुकानें कुछ ही पलों में उजड़ गईं।
पीड़ितों ने मांगा मुआवजा
पीड़ित दुकानदारों ने दोनों वाहनों के मालिकों से मुआवजे की मांग की है। साथ ही दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। गिद्धौर थाना प्रभारी दीनानाथ सिंह ने बताया कि दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रतनपुर चौक बना हादसों का केंद्र
स्थानीय लोगों ने रतनपुर चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। वही प्रशासन से मांग की गई है कि रतनपुर चौक पर स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक पुलिस और अन्य सुरक्षा उपाय जल्द से जल्द इंतज़ाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
