अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक बड़ा और भयंकर विमान हादसा हो गया. लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद अचानक पास के मेडिकल कॉलेज की इमारत से जा टकराई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान बेहद नीची उड़ान भर रहा था और सीधे पांच मंजिला इमारतों से टकराया, जिससे उन इमारतों में आग लग गई. वही हादसे से आसपास की कई इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

इस बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 242 लोग सवार थे. वही हादसे के वक्त दोपहर करीब 2 बजे का समय था और यह स्थल सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ही स्थित है. कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है.

गुजरात के पूर्व CM विजय रूपाणी का भी निधन

अहमदाबाद विमान हादसे ने पूरे देश को पूरी तरह से झकझोर दिया है. इस दर्दनाक हादसे में 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों घायल हैं. इसी विमान में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे, जिनकी मौत की पुष्टि गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कर दी है. जानकारी के मुताबिक, विजय रूपाणी अपनी पत्नी अंजलि और बेटी से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे. इस हादसे में अब तक 204 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 41 घायलों का इलाज जारी है.

गुजरात बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस हादसे में विमान में सवार यात्रियों के साथ-साथ हॉस्टल में रह रहे डॉक्टर स्टूडेंट्स को भी नुकसान पहुंचा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी गुजरात पहुंच चुके हैं और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. इस घटना से बीजेपी परिवार भी बेहद मर्माहत है.

इसके साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया और भगवान से सभी दिवंगत आत्माओं को शांति देने की प्रार्थना की. उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों को भी इस कठिन समय में धैर्य और साहस देने की कामना की.

अहमदाबाद घटनास्थल पर पहुंचे अमित शाह

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायज़ा लिया. उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे. गृह मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और घायलों के उपचार, मलबा हटाने तथा लापता लोगों की तलाश को लेकर निर्देश दिए. उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हर संभव केंद्रीय सहायता का भरोसा दिलाया और कहा कि इस संकट की घड़ी में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं.

जान गंवाने वालों के परिजनों को ₹1 करोड़ देगा टाटा ग्रुप: एअर इंडिया चेयरमैन

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना से हम सभी अत्यंत व्यथित हैं. कोई भी शब्द इस क्षति और पीड़ा को व्यक्त नहीं कर सकता. हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, और उन लोगों के साथ भी जो इस हादसे में घायल हुए हैं.

उन्होंने घोषणा की कि इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को टाटा ग्रुप ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देगा. इसके साथ ही सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च कंपनी उठाएगी और उन्हें हर आवश्यक देखभाल और समर्थन प्रदान किया जाएगा.

चंद्रशेखरन ने यह भी कहा कि टाटा ग्रुप बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के पुनर्निर्माण में भी मदद करेगा, जो हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ है. उन्होंने कहा कि कंपनी इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.

जिंदा बचा विमान में सवार एक यात्री

एअर इंडिया विमान हादसे में जहां चारों ओर तबाही का मंजर देखने को मिला, वहीं दीव के रहने वाले रमेश विश्वासकुमार ने चमत्कारिक रूप से अपनी जान बचा ली. 38 वर्षीय रमेश, बुछड़वाड़ा (दीव) के निवासी हैं और फ्लाइट में सीट 11A पर बैठे थे. दावा है कि हादसे के बाद उन्होंने साहस दिखाते हुए विमान से कूदकर जान बचाई.

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने एएनआई से बातचीत में बताया कि पुलिस को एक जीवित व्यक्ति सीट 11A पर मिला है, जो अब अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है. कमिश्नर ने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या को लेकर अभी कुछ निश्चित नहीं कहा जा सकता, क्योंकि विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था और राहत कार्य अभी जारी है.

अहमदाबाद
Oplus_16908288

घटनास्थल पर पहुंचे उड्डयन मंत्री

अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया विमान हादसे के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किन्जरापु घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का जायज़ा लिया और अधिकारियों से स्थिति की पूरी जानकारी ली. मंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, एनडीआरएफ, एयरपोर्ट अथॉरिटी और एअर इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर हालात का आकलन किया.

3 MBBS छात्रों की मौत: IMA

भारतीय मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की गुजरात इकाई के अध्यक्ष डॉ. मेहुल शाह ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल से जानकारी दी है कि तीन एमबीबीएस छात्रों की मौत हो चुकी है. फिलहाल मृतकों के नामों की पुष्टि नहीं हो पाई है. अस्पताल में लगभग 45 छात्र भर्ती हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉ. मेहुल शाह खुद सिविल अस्पताल में मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

अहमदाबाद पहुंच रहे एअर इंडिया के CEO

एअर इंडिया के सीईओ कैम्पबेल विल्सन दिल्ली से पेरिस जा रही फ्लाइट में सवार थे, लेकिन अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे की खबर मिलते ही उन्होंने यात्रा बीच में ही छोड़ दी. फ्लाइट को मिड-वे से वापस दिल्ली लौटाया गया, जहां से कैम्पबेल विल्सन सीधे अहमदाबाद रवाना हो गए हैं.

एअर इंडिया ने जारी किए ये हेल्पलाइन नंबर

एअर इंडिया ने विमान हादसे के बाद यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है. इसके अतिरिक्त विदेशी नागरिकों के लिए एक अलग हेल्पलाइन नंबर +91 8062779200 भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि वे भी ज़रूरी जानकारी प्राप्त कर सकें.

अहमदाबाद

एअर इंडिया ने मीडिया से अपील की है कि वे इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल न करें, क्योंकि ये केवल पीड़ित यात्रियों और उनके परिजनों के लिए आरक्षित हैं. मीडिया को जानकारी के लिए आधिकारिक प्रवक्ता या सूचना चैनलों से संपर्क करने को कहा गया है.

204 शव मिले, 41 घायलों का चल रहा इलाज: पुलिस कमिश्नर

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने आजतक से बातचीत में पुष्टि की है कि अब तक विमान हादसे में 204 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 41 लोग घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है. फिलहाल यह आंकड़ा प्रारंभिक है और अंतिम पुष्टि बाद में की जाएगी. कमिश्नर ने कहा कि स्थिति बेहद गंभीर है और प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है कि सभी पीड़ितों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके.

हादसे में घायल कई लोगों की लिस्ट आई सामने

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद अब तक कई घायलों की पहचान की जा चुकी है. राहत और बचाव कार्य के दौरान जिन यात्रियों और स्थानीय लोगों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया, उनकी सूची प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही है. सिविल अस्पताल में भर्ती घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि कई लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.

अहमदाबाद

राहत बचाव कार्य में नगर निगम के अधिकारी भी जुटे

विमान हादसे के बाद नगर निगम ने भी बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. अहमदाबाद नगर निगम ने नगर आयुक्त और सभी उप नगर आयुक्तों सहित अपनी सभी संबंधित टीमों को दुर्घटनास्थल पर तैनात कर दिया है. बचाव कार्य में एक मुख्य अग्निशमन अधिकारी, दो अतिरिक्त अग्निशमन अधिकारी, चार डिप्टी मुख्य अग्निशमन अधिकारी, 15 स्टेशन अधिकारी, 337 फायरमैन और 60 अग्निशमन बचाव वाहन लगाए गए हैं. इसके अलावा 159 वर्कशॉप कर्मचारी, 15 जेसीबी मशीनें, 5 एक्सकेवेटर, 25 ट्रक और एक रोलर भी राहत कार्य में जुटे हुए हैं.

पहले मेस और फिर हॉस्टल की बिल्डिंग से टकराया विमान

जानकारी के मुताबिक प्लेन सबसे पहले बीजे मेडिकल की मेस बिल्डिंग से टकराया और इसके बाद अतुल्यम हॉस्टल से जा टकराया, जिसमे सीनियर रेसिडेंट रहते थे.

विमान में सवार थे अरावली के तीन लोग

विमान हादसे में गुजरात के अरावली जिले से भी दुखद खबर सामने आई है. जिले के तीन लोग इस विमान में सवार थे, जिनमें मोदासा शहर की 35 वर्षीय नुसरत जहां जेठारा शामिल थीं. बताया गया है कि वह करीब एक महीने पहले ही मोदासा आई थीं. वहीं, मोदासा के खंभीसर गांव की जयश्रीबेन पटेल भी इस फ्लाइट में थीं. उनकी शादी अभी तीन महीने पहले ही हुई थी और वह लंदन में रहने वाले अपने पति के पास जा रही थीं. तीसरी यात्री, बायड की कैलाशबेन पटेल थीं, जो लंदन में बसे अपने बेटे से मिलने के लिए इस विमान से रवाना हुई थीं. हादसे के बाद इन तीनों परिवारों में गहरा मातम पसरा हुआ है, और परिजन सिविल अस्पताल के बाहर किसी खबर के इंतज़ार में व्याकुल नज़र आए.

किसी के बचने की संभावना बेहद कम: अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जी. एस. मलिक ने आजतक से बातचीत में विमान हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए किसी के बचने की संभावना बेहद कम लग रही है. उन्होंने बताया कि कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन उनकी हालत अत्यंत गंभीर थी और उन्हें बचा पाना कठिन साबित हो रहा है. कमिश्नर मलिक ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन मलबे और आग की स्थिति को देखते हुए हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं.

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *