Weather Update : उत्तर भारत में हवा अब भी खराब है। पांच दिन घने कोहरे के आसार हैं। पूरे एनसीआर में हवा जहरीली बनी हुई है। इसे देखते हुए गंभीर वायु प्रदूषण के बीच बड़ा फैसला करते हुए दिल्ली सरकार ने अपने 50 फीसदी कर्मचारियों के लिए घर से काम यानी वर्क फ्राम होम करने की व्यवस्था लागू कर दी है।

दिल्ली सरकार में 80 विभागों, विभिन्न एजेंसियों और दिल्ली नगर निगम में कुल कर्मचारियों की संख्या लगभग 1.40 लाख है। वहीं, गुरुग्राम की आईटी कंपनियों में भी वर्क फ्रॉम होम लागू कर दिया गया है। गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में 23 नवंबर तक कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत को प्रदूषण के चरम हालात से मामूली राहत तो मिली, लेकिन अधिकतर क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता अब भी गंभीर और बहुत खराब स्थिति में है। हरियाणा का बहादुरगढ़ देश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां बुधवार शाम चार बजे औसत एक्यूआई 423 दर्ज किया गया। हालांकि सुबह के समय यह 426 तक पहुंच गया था।

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर अब भी गंभीर श्रेणी में बना है और एक्यूआई 419 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में मंगलवार को 11.1 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सीजन की सबसे सर्द रात के बाद हवा में थोड़ी तेजी आई है, जहरीली धुंध का आवरण कुछ हद तक छटा और बुधवार को धूप खिली तो सांसों पर संकट थोड़ा कम हुआ है। उत्तर पश्चिम की दिशा से चलने वाली सतही हवाओं में कुछ तेजी से अगले दो-तीन दिन तक दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहने का अनुमान है।

पूरे एनसीआर में हवा जहरीली

दिल्ली और बहादुरगढ़ में जहां वायु प्रदूषण स्तर गंभीर श्रेणी में रहा। वहीं, एनसीआर के अन्य प्रमुख शहरों में यह बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। गुरुग्राम में एक्यूआई 374 रहा। गाजियाबाद में 328, नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों में 304-304 रिकॉर्ड किया। फरीदाबाद में 259 एक्यूआई दर्ज हुआ है, जो कि खराब श्रेणी में आता है।

उत्तर भारत में दृश्यता/Visibility कम होने से ट्रेनों और विमानों के संचालन पर असर

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में घने कोहरे के कारण 13 ट्रेनें देर से चलीं। 9 के समय में बदलाव करना पड़ा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लगभग 90 उड़ानों के आगमन-प्रस्थान में देरी हुई

ऊधमपुर में दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य

सुबह 8:30 बजे उत्तर भारत में ज्यादातर जगहों पर घने कोहरे और धुंध की वजह से दृश्यता में कमी दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। यूपी के खीरी, बहराइच, कानपुर, बक्शी का तालाब वायु स्टेशन पर भी दृश्यता शून्य रही। लखनऊ समेत यूपी के अलग-अलग इलाकों में दृश्यता 200 से 500 मीटर तक रिकॉर्ड की गई। दिल्ली में यह 500 मीटर रही।

इन राज्यों में रहेगा घना कोहरा

हरियाणा,पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहने का अनुमान जताया गया है।

उत्तर

हरियाणा-पंजाब में भी गंभीर स्थिति

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा के चरखी दादरी, राजस्थान के हनुमानगढ़ और भिवाड़ी, उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक्यूआई बहुत गंभीर की श्रेणी में रहा है। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़, हिसार और भिवानी में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है।

सरकार का सुझाव : निजी कंपनियां भी वर्क फ्रॉम होम लागू करें

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोशल मीडिया पर 50% कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू करने की जानकारी देते हुए बुधवार को कहा है कि निजी क्षेत्र से भी इस नीति पर अमल (Implementation) करने का आग्रह किया गया है।

पर्यावरण मंत्री ने सुझाव दिया है कि वाहनों की भीड़ को कम करने के लिए सभी कार्यालय का समय सुबह 10:30 से बदलकर 11 बजे करने पर विचार करें। घर से काम की व्यवस्था से आवश्यक सेवाओं वाले विभागों जैसे स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, सार्वजनिक परिवहन, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन को छूट दी गई है।

उत्तर
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News  पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *