जमुई में बरहट-मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मलयपुर थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी ढाबा के पास तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर का एक्सल टूटने से यह दुर्घटना हुई। अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े बरहट थाना क्षेत्र के कोयवा गांव निवासी हरि यादव को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद सड़क पर गिर पड़े बुजुर्ग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि हरि यादव सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
होटल चलाते हैं घायल हरि यादव
स्थानीय लोगों के मुताबिक हरि यादव फुलवरिया गांव के पास एक छोटा होटल चलाते हैं। घटना के समय वे किराना दुकान से सामान खरीदकर अपनी दुकान लौट रहे थे। इसी दौरान मलयपुर की ओर से आ रहे ट्रैक्टर (BR-46G-2932) के बीच वाले पहिये का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया।
बिजली के पोल से टकराने के बाद बुजुर्ग को मारी टक्कर
बताया जाता है कि चालक ने ट्रैक्टर को संभालने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पहले बिजली के पोल से टकराया और फिर हरि यादव को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस ने चालक को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई अर्चना कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को जब्त कर लिया है।

लिखित आवेदन के बाद होगी कार्रवाई
मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरव ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
