पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी उन्हें Z+ कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नीतीश कुमार को बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000 के तहत सुरक्षा दी जाएगी। वर्तमान में मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें एसएसजी सुरक्षा प्राप्त है, लेकिन पद छोड़ने के बाद भी उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं की जाएगी।
गृह विभाग द्वारा पुलिस महानिदेशक को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं और जल्द ही बिहार विधान परिषद की सदस्यता तथा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। अधिसूचना के मुताबिक, उनकी सुरक्षा की समीक्षा के बाद Z+ कैटेगरी देने का फैसला लिया गया है। इससे यह संकेत भी मिल रहा है कि राज्य में जल्द ही नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है।

राज्यसभा तक नीतीश का सफर
मुख्यमंत्री के रूप में रिकॉर्ड 10वीं बार शपथ लेने के महज चार महीने बाद ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान उनके साथ अमित शाह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के अन्य नेता मौजूद रहे।
16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में उन्हें 44 विधायकों का समर्थन मिला, जिससे उनका उच्च सदन में जाना तय हो गया। इसके बाद से ही यह चर्चा तेज हो गई कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
क्या हैं संकेत?
इस फैसले से साफ है कि सरकार ने पहले ही नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था तय कर दी है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी हुई है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
