गिद्धौर (जमुई)। प्रखंड मुख्यालय गिद्धौर में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान गिद्धौर निवासी शिक्षक नित्यानंद सिंह के पुत्र सत्यम कुमार सिंह के रूप में हुई है।
गिद्धौर रेलवे स्टेशन रोड पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यम कुमार सिंह सोमवार की शाम गिद्धौर रेलवे स्टेशन से बुलेट बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल सत्यम को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अजीमा निशात ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।अस्पताल परिसर में यह खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना के थाना प्रभारी जयप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
परिवार में मचा कोहराम, इलाके में पसरा मातम
युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि सत्यम मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक था, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रेलवे स्टेशन रोड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सड़क किनारे लगे खतरनाक पेड़ों व अंधेरे स्थानों पर उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
