गिद्धौर (जमुई)। गिद्धौर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक किराना दुकानदार से पिस्तौल दिखाकर 12 हजार रुपये लूट लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना गिद्धौर–जमुई मुख्य मार्ग पर स्थित महुली पेट्रोल पंप के पास की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दुकानदार और उसकी पत्नी के साथ की गई मारपीट
पीड़ित दुकानदार की पहचान गिद्धौर निवासी रूपेश कुमार के रूप में हुई है। रूपेश ने गिद्धौर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अपनी शिकायत में रूपेश ने बताया कि बुधवार दोपहर वह अपनी किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गिद्धौर निवासी राजा रावत और सचिन रावत दुकान पर पहुंचे और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों ने रूपेश और उनकी पत्नी के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
पिस्तौल दिखाकर दी गोली मारने की धमकी
रूपेश ने जब विरोध किया तो आरोप है कि राजा रावत ने अपनी पिस्तौल निकाल ली और गोली मारने की धमकी देने लगा। इसी बीच सचिन रावत ने ईंट से रूपेश पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले में रूपेश के सिर और पैर में चोट लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े।
गल्ले से 12 हजार रुपये लेकर फरार
दुकानदार के गिरते ही दोनों आरोपियों ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 12 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद दोनों पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की पूरी घटना कैद हो गई है। यह वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
गिद्धौर पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को लेकर गिद्धौर पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है। वही पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
