जमुई: जिले में बीते वर्ष हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई थी, लेकिन घटना के लगभग 10 महीने बाद भी तीन बच्चों का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हो सका है। इसको लेकर पीड़ित परिजन शुक्रवार को समाहरणालय पहुंचे और जिला पदाधिकारी नवीन कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई।

खैरा थाना क्षेत्र के सोनैल डहुआ मुसहरी टोला निवासी जोधन मांझी, चंदन मांझी और माचो देवी समेत अन्य परिजनों ने डीएम से मुलाकात कर मृत बच्चों के मृत्यु प्रमाण पत्र जल्द जारी कराने की मांग की, ताकि उन्हें सरकारी सहायता और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं का लाभ मिल सके।

बरात से लौटते समय हुआ था भीषण हादसा

यह हादसा 06 मई 2025 की सुबह खैरा थाना क्षेत्र में हुआ था। जानकारी के अनुसार बरात से लौट रहे एक टेम्पो (BR-46P-5708) में सवार बच्चे हरदीमोह के पास दुर्घटना का शिकार हो गए थे।

बताया जाता है कि सड़क किनारे पेड़ की डाल गिर जाने के कारण टेम्पो चालक वाहन निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। वही टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो एकदम पलट गया और उसमें सवार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान चार बच्चों की हुई मौत

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया गया। वही इलाज के दौरान गोलू कुमार (11), गौतम कुमार (15), ऋषि कुमार (12)और दीपक कुमार (12) की मौत हो गई थी।

एक का बना प्रमाण पत्र, तीन अब भी लंबित

परिजनों का आरोप है कि घटना के कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक केवल गौतम कुमार का ही मृत्यु प्रमाण पत्र बनाया गया है। बाकी तीन बच्चों के प्रमाण पत्र अब तक जारी नहीं किए गए हैं, जिससे परिवारों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रमाण
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई

डॉक्टर पर पैसे मांगने का आरोप

पीड़ित परिवार के सदस्य जोधन मांझी ने सदर अस्पताल के एक डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर अवैध पैसे की मांग की जा रही है। परिजनों का कहना है कि आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है और ऐसे में उनसे पैसे की मांग करना उनके साथ अन्याय है।

मुआवजा और कानूनी प्रक्रिया में आ रही परेशानी

पीड़ित परिवारों का कहना है कि मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण उन्हें सरकारी मुआवजा, बीमा और अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिजनों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *