Parliament Winter Session : संसद के शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा हैं ,इस सत्र में अदाणी और वक्फ संशोधन विधेयक की ही गूंज खूब सुनाई देने के आसार हैं। वही अदाणी समूह को लेकर समय-समय पर सरकार पर निशाना साधते रहे विपक्ष ने रिश्वत प्रकरण के सामने आने के बाद और भी हमलावर रुख अपना लिया है। वही विपक्षी इंडिया ब्लॉक अदाणी मामले में पहले ही दिन चर्चा कराने पर अड़ा हुआ है। दूसरी तरफ, सरकार ने विपक्ष के विरोध की परवाह न करते हुए वक्फ संशोधन विधेयक इसी सत्र में पेश करने का भी संकेत दिए हैं।

सभी लोकसभा सदस्य इलेक्ट्रॉनिक टैब पर डिजिटल पेन से उपस्थिति दर्ज कराएंगे

संसद के इस शीतकालीन सत्र में भाग लेने वाले लोकसभा सदस्यों के पास इलेक्ट्रॉनिक टैब पर डिजिटल पेन का उपयोग करके अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का एक नया विकल्प होगा। संसद को कागज रहित बनाने की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल के तहत लोकसभा कक्ष की लॉबी में चार काउंटरों पर इलेक्ट्रॉनिक टैब रखे जाएंगे। लोकसभा सचिवालय ने बताया है कि काउंटरों पर भौतिक उपस्थिति रजिस्टर रखे जाते रहेंगे। हालांकि, सदस्यों को सलाह दी जाती है कि वे टैब का उपयोग अपनी पसंद के अनुसार करें और संसद को कागज रहित बनाने में हमारी मदद करें।

अधिकारियों के मुताबिक, सदस्यों को पहले टैब पर ड्रॉप डाउन मेनू से अपना नाम चुनना होगा, डिजिटल पेन की मदद से अपने हस्ताक्षर करने होंगे और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ‘सबमिट’ बटन को दबाना होगा। वही तकनीकी सहायता के लिए प्रत्येक काउंटर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के इंजीनियरों की एक टीम भी तैनात की जाएगी। संसद सत्र के दौरान अपने दैनिक भत्ते का लाभ उठाने के लिए सदस्यों को रजिस्टर में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इससे पहले लोकसभा सदस्य मोबाइल एप का उपयोग करके अपनी उपस्थिति दर्ज कराते थे।

दिल्ली में प्रदूषण, वायनाड भूस्खनल और अदाणी मुद्दे पर भी चर्चा की मांग

कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण पर अल्पकालिक चर्चा के लिए राज्यसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियम के नियम 176 के तहत राज्यसभा के महासचिव को पत्र लिखा है।

संसद
कांग्रेस राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन

सीपीआई (एम) के राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास ने भी शून्यकाल नोटिस दिया है। उन्होंने केरल के वायनाड भूस्खलन पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार से विशेष वित्तीय सहायता की मांग की है।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया है। उन्होंने अदाणी समूह के खिलाफ संयुक्त राज्य अमेरिका में दो अभियोगों के बाद ‘एक व्यापारिक गंतव्य के रूप में भारत पर प्रभाव और हमारी नियामक और निगरानी प्रक्रियाओं की मजबूती’ पर चर्चा की मांग की है।

कांग्रेस संसदीय दल की बैठक

कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद आज सुबह 10.30 बजे कांग्रेस संसदीय दल कार्यालय में बैठक करेंगे, और जिसमें सदन की कार्यवाही की आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

वक्फ विधेयक पर और चर्चा की मांग कर रहा पूरा विपक्ष

वक्फ विधेयक पर गठित जेपीसी विपक्ष के भारी विरोध के बीच अब शुक्रवार को रिपोर्ट पेश करेगी। विपक्ष इस मामले में और चर्चा के लिए कार्यकाल बढ़ाने की भी मांग कर रहा है, जबकि समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा है कि अंतिम बैठक संपन्न होने के बाद रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा सरकार ने इस विधेयक को इसी सत्र में पेश और पारित कराने की योजना बनाई है। चूंकि जेपीसी (JPC) की सभी बैठकों में हंगामा हुआ है, ऐसे में इससे जुड़ी रिपोर्ट पेश होने से ले कर विधेयक को पेश करने तक सरकार और विपक्ष के बीच जबर्दस्त सियासी खींचतान होगी।

केंद्र सरकार और विपक्ष में संसद में जबरदस्त टक्कर के आसार

हरियाणा के बाद महाराष्ट्र के निराशाजनक नतीजे से भी विपक्षी खेमे में खूब बेचैनी है। ऐसे में अदाणी समूह से जुड़े मामले ने उसे शीतकाल सत्र के लिए एक बड़ा हथियार दे दिया है। विपक्ष की रणनीति पहले की तरह ही इस मामले में जेपीसी के गठन की मांग रखने की है। हालांकि, सरकार का इरादा अदाणी समूह के विपक्ष शासित राज्यों में निवेश और विपक्षशासित राज्यों में रिश्वत बांटे जाने संबंधी रिपोर्ट को हथियार बनाते हुए पलटवार करने की कोशिश है।

संसद

देश दुनिया की खबरों की अपडेट के लिए AVN News  पर बने रहिए।

By Chandan Patel

चंदन पटेल AVN News से लंबे समय से जुड़े पत्रकार हैं। उन्होंने वर्ष 2020 से रिपोर्टर के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की और जमीनी स्तर की खबरों को प्रमुखता से उठाते हुए लगातार अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में वे AVN News के एडिटर-इन-चीफ के रूप में समाचार संपादन, कवरेज और डिजिटल पत्रकारिता का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीति, खेल,स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों को तथ्यपरक और सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है। उनका उद्देश्य आम लोगों की आवाज को प्रमुखता देना और विश्वसनीय खबरों के माध्यम से समाज को जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *